स्वतंत्रता दिवस समारोह 2026: देशभक्ति, संस्कृति और गौरव से सराबोर हुआ बाबा इन्टरनेशनल स्कूल, बिल्सी

*स्वतंत्रता दिवस समारोह 2026: देशभक्ति, संस्कृति और गौरव से सराबोर हुआ बाबा इन्टरनेशनल स्कूल, बिल्सी*

*बिल्सी* : नगर के बाबा इन्टरनेशनल स्कूल में 15 अगस्त 2026 को 80वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर देशभक्ति, उत्साह और उमंग से भरपूर भव्य समारोह का आयोजन किया गया। विद्यालय परिसर में चारों ओर तिरंगे की शान, देशभक्ति के गीतों की गूंज और विद्यार्थियों के उत्साह ने पूरे वातावरण को राष्ट्रप्रेम से ओत-प्रोत कर दिया। कार्यक्रम में विद्यालय के विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं स्टाफ सदस्यों ने पूरे उत्साह और गरिमापूर्ण ढंग से सहभागिता की।

समारोह का शुभारंभ विद्यालय चेयरमैन नरेन्द्र बाबू वार्ष्णेय, विद्यालय डायरेक्टर अनुज वार्ष्णेय, विद्यालय निदेशिका साधना वार्ष्णेय एवं विद्यालय प्रधानाचार्या रूपा माहेश्वरी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर किया । विद्यालय परिसर में तिरंगा शान से लहराया तो उपस्थित सभी लोगों ने गर्व और सम्मान के साथ राष्ट्रध्वज को नमन किया। इसके पश्चात दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। दीप प्रज्वलन ने ज्ञान, आशा, सकारात्मकता और राष्ट्रनिर्माण के संकल्प का संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों, नृत्य, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, भाषणों एवं विभिन्न मनमोहक कार्यक्रमों के माध्यम से स्वतंत्रता संग्राम के महान नायकों और वीर स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धापूर्वक याद किया। विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुतियों ने उपस्थित सभी दर्शकों का मन मोह लिया और वातावरण में देशभक्ति की भावना को और प्रबल कर दिया।

कार्यक्रम के दौरान ?वंदे मातरम्?, ?भारत माता की जय? और ?जय हिंद? के नारों से विद्यालय परिसर गूंज उठा। विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने राष्ट्र की एकता और अखंडता को बनाए रखने तथा देश के विकास में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

विद्यालय चेयरमैन नरेन्द्र बाबू वार्ष्णेय ने विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में देशभक्ति, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और सांस्कृतिक मूल्यों को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

विद्यालय डायरेक्टर अनुज वार्ष्णेय एवं विद्यालय निदेशिका साधना वार्ष्णेय ने सभी को स्वतन्त्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें उन वीरों के त्याग और बलिदान की याद दिलाता है, जिनके संघर्ष के कारण आज हम स्वतंत्र भारत में सांस ले रहे हैं। हमारा दायित्व है कि हम इस स्वतंत्रता का सम्मान करें और अपने कार्यों से देश को और मजबूत बनाएं।

प्रधानाचार्या रूपा माहेश्वरी ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की बधाई देते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल एक राष्ट्रीय पर्व नहीं, बल्कि यह हम सभी को अपने देश के प्रति कर्तव्य, एकता और त्याग की भावना की याद दिलाता है। हमें अपने राष्ट्र को और ऊँचाइयों पर ले जाने के लिए सदैव प्रयासरत रहना चाहिए।? आज हमारा देश भारत सभी क्षेत्रों में विकास कर रहा है जोकि बिना आजादी के संभव नहीं था। हमें अपनी स्वतंत्रता की रक्षा के लिए सदैव कटिबद्ध रहना चाहिए |

इस अवसर विद्यालय प्रशासक अमित माहेश्वरी एवं सभी शिक्षकगण उपस्थित रहे।