लगातार दूसरी बार पी.एम.एस. संघ बदायूँ के जिला अध्यक्ष बने डॉ. राजेश कुमार वर्मा, सचिव पद पर डॉ. मोहित यादव ने दर्ज की रोमांचक जीत

लगातार दूसरी बार पी.एम.एस. संघ बदायूँ के जिला अध्यक्ष बने डॉ. राजेश कुमार वर्मा, सचिव पद पर डॉ. मोहित यादव ने दर्ज की रोमांचक जीत

बदायूँ, 07 अगस्त। प्रांतीय चिकित्सा सेवा संघ (पी.एम.एस.) उत्तर प्रदेश की जिला शाखा बदायूँ के वर्ष 2026-27 के लिए नई कार्यकारिणी का चुनाव शुक्रवार को जिला चिकित्सालय (पुरुष) बदायूँ के सभागार (कक्ष संख्या-29) में शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं लोकतांत्रिक वातावरण में संपन्न हुआ। चुनाव प्रक्रिया में चिकित्सकों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी करते हुए संगठन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का परिचय दिया। कुल 83 मतदाताओं में से 75 चिकित्सकों ने मतदान किया, जिससे 90.36 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी बदायूँ द्वारा मनोनीत जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. गवेन्द्र कुमार गुप्ता तथा जिला रिटर्निंग अधिकारी डॉ. नरेश पाल की देखरेख में सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया गया। मतदान के बाद सभी प्रत्याशियों एवं उनके प्रतिनिधियों की उपस्थिति में पारदर्शी तरीके से मतगणना कराई गई।

इस चुनाव में सचिव पद पर कांटे की टक्कर देखने को मिली। कुल 74 वैध मतों में डॉ. मोहित यादव को 38 मत प्राप्त हुए, जबकि उनकी निकटतम प्रतिद्वंद्वी डॉ. रश्मि दीप गंगवार को 36 मत मिले। एक मत निरस्त घोषित किया गया। इस प्रकार डॉ. मोहित यादव ने मात्र दो मतों के अंतर से जीत दर्ज कर जिला सचिव पद पर कब्जा किया।

वहीं चुनाव का सबसे महत्वपूर्ण आकर्षण वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. राजेश कुमार वर्मा का लगातार दूसरी बार निर्विरोध जिला अध्यक्ष चुना जाना रहा। संगठन के चिकित्सकों ने उनके नेतृत्व, ईमानदार कार्यशैली, बेदाग छवि और संगठन के प्रति समर्पण पर पुनः विश्वास जताते हुए उन्हें सर्वसम्मति से अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी। उनके लगातार दूसरी बार अध्यक्ष बनने पर जिले के सरकारी चिकित्सकों में खुशी की लहर दौड़ गई और उन्हें बधाइयों का तांता लग गया।

नवनिर्वाचित कार्यकारिणी (2026-27)

- जिला अध्यक्ष ? डॉ. राजेश कुमार वर्मा

- उपाध्यक्ष ? डॉ. मोहम्मद तहसीन

- उपाध्यक्ष ? डॉ. नवनीत कुमार

- उपाध्यक्ष (महिला) ? डॉ. श्रद्धा गंगवार

- जिला सचिव ? डॉ. मोहित यादव

- केंद्रीय कार्यकारिणी सदस्य ? डॉ. राजवीर गंगवार

- वित्त सचिव ? डॉ. शिव मोहन कमल बॉस

- सम्पादक ? डॉ. अवधेश राठौर

परिणाम घोषित होने के बाद जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. गवेन्द्र कुमार गुप्ता एवं रिटर्निंग अधिकारी डॉ. नरेश पाल ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष डॉ. राजेश कुमार वर्मा और जिला सचिव डॉ. मोहित यादव को निर्वाचन प्रमाण-पत्र प्रदान कर शुभकामनाएं दीं। साथ ही नवगठित कार्यकारिणी के सभी पदाधिकारियों को सफल कार्यकाल के लिए बधाई दी।

इस अवसर पर नवनिर्वाचित जिला अध्यक्ष डॉ. राजेश कुमार वर्मा ने सभी चिकित्सकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि लगातार दूसरी बार संगठन का नेतृत्व करने का अवसर मिलना उनके लिए सम्मान के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि वह पूरी निष्ठा, पारदर्शिता एवं समर्पण के साथ चिकित्सकों के मान-सम्मान, सुरक्षा और न्यायोचित अधिकारों की रक्षा के लिए कार्य करेंगे। साथ ही प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।

जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. गवेन्द्र कुमार गुप्ता एवं रिटर्निंग अधिकारी डॉ. नरेश पाल ने सफल, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने में सहयोग देने वाले सभी चिकित्सकों, जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने विश्वास जताया कि नई कार्यकारिणी संगठन को और अधिक मजबूत बनाते हुए चिकित्सकों के हितों तथा जनस्वास्थ्य सेवाओं के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।