उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक राजेश कुमार पाण्डेय ने बड़ौदा हाउस में फहराया तिरंगा

दिल्ली। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उत्तर रेलवे के प्रधान कार्यालय बड़ौदा हाउस में शनिवार को गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक राजेश कुमार पाण्डेय ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।

ध्वजारोहण के दौरान बड़ौदा हाउस परिसर देशभक्ति के उत्साह से सराबोर नजर आया। समारोह में उत्तर रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे।

महाप्रबंधक ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर रेलवे के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्र की प्रगति में अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निर्वहन करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि भारतीय रेल देश की जीवनरेखा है और यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक एवं बेहतर रेल सेवाएं उपलब्ध कराना रेलवे परिवार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

समारोह के दौरान उपस्थित रेल अधिकारियों और कर्मचारियों ने देश की एकता, अखंडता एवं प्रगति के प्रति अपने संकल्प को दोहराया। पूरे कार्यक्रम में राष्ट्रभक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा।