स्वतंत्रता दिवस पर साम्बा को बड़ी सौगात, छह ट्रेनों के ठहराव होंगे बहाल

जम्मू। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जम्मू मंडल के साम्बा रेलवे स्टेशन को यात्रियों के लिए बड़ी सौगात मिलने जा रही है। यात्रियों की सुविधा और क्षेत्रीय रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करने के उद्देश्य से 15 अगस्त 2026 से साम्बा स्टेशन पर छह महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव पुनः बहाल किए जाएंगे।

इस अवसर पर लोकसभा सांसद जुगल किशोर शर्मा 15 अगस्त को साम्बा रेलवे स्टेशन पर मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। वे शाम 5:26 बजे ट्रेन संख्या 20434 श्री माता वैष्णो देवी कटरा-सुबेदारगंज एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। कार्यक्रम में रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी और स्थानीय नागरिक भी मौजूद रहेंगे।

साम्बा स्टेशन पर जिन छह ट्रेनों के ठहराव बहाल किए जा रहे हैं, उनमें ट्रेन संख्या 20434, 16787, 14803, 14804, 16317 और 16031 शामिल हैं। इन ट्रेनों के ठहराव शुरू होने से साम्बा और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को देश के विभिन्न हिस्सों के लिए बेहतर रेल संपर्क मिल सकेगा।

इसके अलावा ट्रेन संख्या 19223/19224 का ठहराव भी साम्बा स्टेशन पर किया गया है। इस ट्रेन का विस्तार जम्मू से श्री माता वैष्णो देवी कटरा तक किया जाएगा, जो 18 अक्टूबर 2026 से प्रभावी होगा।

साम्बा क्षेत्र के लोगों की लंबे समय से अधिक ट्रेनों के ठहराव की मांग रही है। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर छह ट्रेनों के ठहराव बहाल होने से क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है। इससे तीर्थयात्रियों, विद्यार्थियों, कर्मचारियों और व्यापारियों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी। साथ ही क्षेत्र में पर्यटन और स्थानीय व्यापार को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले ट्रेनों के समय और ठहराव की जानकारी रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट, एनटीईएस ऐप अथवा 139 हेल्पलाइन के माध्यम से प्राप्त कर लें।