जयपुर-बांद्रा टर्मिनस एक्सप्रेस के समय में बदलाव, चार स्टेशनों पर बदलेगा संचालन समय

जयपुर। यात्रियों की सुविधा और रेल संचालन को बेहतर बनाने के लिए रेलवे ने नियमित रूप से संचालित जयपुर-बांद्रा टर्मिनस-जयपुर एक्सप्रेस के कुछ स्टेशनों पर आगमन और प्रस्थान के समय में संशोधन किया है। नई समय-सारणी के तहत चित्तौड़गढ़, रतलाम, वापी और बोरीवली स्टेशनों पर ट्रेन के संचालन समय में बदलाव किया जाएगा।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार गाड़ी संख्या 19723 जयपुर-बांद्रा टर्मिनस एक्सप्रेस 28 अगस्त 2026 से जयपुर से रवाना होगी। यह ट्रेन रतलाम स्टेशन पर संशोधित समय के अनुसार शाम 5:20 बजे पहुंचेगी और 5:30 बजे रवाना होगी। इसके बाद वापी स्टेशन पर ट्रेन का नया समय रात 2:21 बजे आगमन और 2:23 बजे प्रस्थान रहेगा। ट्रेन निर्धारित समय पर बांद्रा टर्मिनस पहुंचेगी।

इसी तरह गाड़ी संख्या 19724 बांद्रा टर्मिनस-जयपुर एक्सप्रेस 27 अगस्त 2026 से बांद्रा टर्मिनस से रवाना होगी। यह ट्रेन बोरीवली स्टेशन पर संशोधित समय के अनुसार सुबह 8:57 बजे पहुंचेगी और 9:00 बजे प्रस्थान करेगी। वहीं चित्तौड़गढ़ स्टेशन पर इसका नया समय रात 11:50 बजे आगमन और 11:55 बजे प्रस्थान रहेगा। ट्रेन निर्धारित समय पर जयपुर पहुंचेगी।

रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की संशोधित समय-सारणी अवश्य जांच लें, ताकि यात्रा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।