‘ऑपरेशन सेवा’ में आरपीएफ की बड़ी कार्रवाई, दो नाबालिग बालिकाएं सुरक्षित बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार

अहमदाबाद। रेलवे सुरक्षा बल अहमदाबाद मंडल ने ?ऑपरेशन सेवा? के तहत त्वरित कार्रवाई करते हुए जोधपुर से कथित तौर पर अगवा की गई दो नाबालिग बालिकाओं को अहमदाबाद रेलवे स्टेशन से सुरक्षित बरामद कर लिया। मामले में दो आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया है। आरपीएफ की सतर्कता, तकनीकी साक्ष्यों और जोधपुर पुलिस के साथ बेहतर समन्वय के चलते दोनों बालिकाओं को राज्य से बाहर ले जाने से पहले ही सुरक्षित बचा लिया गया।

13 अगस्त को आरपीएफ अहमदाबाद को जोधपुर शहर के कुड़ी भगतासनी थाने से दो नाबालिग बालिकाओं के लापता होने की सूचना मिली थी। आशंका थी कि दोनों ट्रेन से बाहर ले जाई जा सकती हैं। सूचना मिलते ही आरपीएफ निरीक्षक ने विशेष टीम गठित कर अहमदाबाद रेलवे स्टेशन पर निगरानी और ट्रेनों की जांच शुरू कर दी।

आरपीएफ टीम ने ट्रेन संख्या 20693 जोधपुर-केएसआर बेंगलुरु एक्सप्रेस की जांच के दौरान एक नाबालिग बालिका को पहचान लिया। उसके साथ मौजूद एक व्यक्ति ने टीम को देखकर भागने का प्रयास किया, लेकिन आरपीएफ जवानों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। आरोपी ने पकड़े जाने से पहले अपना मोबाइल फोन ट्रेन से बाहर फेंक दिया था। आरपीएफ ने तकनीकी प्रयासों के बाद मोबाइल फोन को नडियाद रेलवे स्टेशन से बरामद कर लिया।

मोबाइल से आवश्यक डिजिटल जानकारी प्राप्त कर दूसरे आरोपी के मोबाइल नंबर का पता लगाया गया। इसके बाद जोधपुर पुलिस के सहयोग से उसकी लाइव लोकेशन ट्रेस की गई। लोकेशन मिलने पर आरपीएफ ने अहमदाबाद रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक से दूसरे आरोपी को दूसरी नाबालिग बालिका के साथ पकड़ लिया।

प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने सोशल मीडिया और गेमिंग प्लेटफॉर्म के माध्यम से दोनों नाबालिगों से दोस्ती की थी। आरोपियों पर आरोप है कि वे बालिकाओं को उनके घर से लाकर जोधपुर रेलवे स्टेशन के रास्ते बेंगलुरु ले जाने की योजना बना रहे थे। आरोपियों के मोबाइल फोन से ?आर्यन? नाम का फर्जी ई-आधार कार्ड तथा नाबालिग बालिकाओं के आधार कार्ड की तस्वीरें भी बरामद हुई हैं।

आरोपियों की पहचान बेंगलुरु निवासी 24 वर्षीय आकिब अंसारी और सैयद इब्राहिम के रूप में हुई है। दोनों नाबालिग बालिकाओं और आरोपियों को आरपीएफ पोस्ट अहमदाबाद लाया गया। बाद में जोधपुर पुलिस को सूचना देने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए सभी को लिखित मेमो के माध्यम से जीआरपी अहमदाबाद के सुपुर्द किया गया।

अहमदाबाद मंडल के मंडल रेल प्रबंधक वेद प्रकाश ने आरपीएफ टीम की कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि रेलवे में यात्रियों, विशेषकर बच्चों और महिलाओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सूचना मिलते ही आरपीएफ ने जिस सतर्कता और समन्वय के साथ कार्रवाई की, उससे दोनों नाबालिग बालिकाओं को सुरक्षित बचाया जा सका।

वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त अहमदाबाद अंशुमान त्रिपाठी ने भी टीम की तत्परता की सराहना की। उन्होंने कहा कि तकनीकी और डिजिटल साक्ष्यों के प्रभावी उपयोग तथा जोधपुर पुलिस के साथ बेहतर समन्वय के कारण दोनों बालिकाओं को सुरक्षित बरामद करने और आरोपियों को पकड़ने में सफलता मिली।

आरपीएफ अहमदाबाद की इस कार्रवाई ने एक बार फिर साबित किया है कि रेलवे परिसर में बच्चों और यात्रियों की सुरक्षा को लेकर सुरक्षा बल पूरी तरह सतर्क है। त्वरित सूचना, डिजिटल तकनीक और विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के समन्वय से दोनों नाबालिग बालिकाओं को सुरक्षित उनके परिवार तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता हासिल हुई है।