भारी बारिश और भूस्खलन के चलते कांगड़ा नैरो गेज ट्रेनों का संचालन प्रभावित, यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता

जम्मू। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा क्षेत्र में लगातार हो रही भारी बारिश और रेल पटरियों पर पत्थर गिरने की घटनाओं को देखते हुए उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल ने यात्रियों की सुरक्षा के मद्देनजर पठानकोट-जोगिंदर नगर नैरो गेज रेलखंड पर कुछ ट्रेनों का संचालन अस्थायी रूप से स्थगित कर दिया है।

13 अगस्त 2026 को पठानकोट-बैजनाथ पपरोला खंड की चार ट्रेन सेवाएं अग्रिम आदेश तक रद्द की गई हैं। इनमें ट्रेन संख्या 52467, 52470, 52474 और 52465 शामिल हैं।

इसके अलावा ट्रेन संख्या 52464 (बैजनाथ पपरोला-ज्वालामुखी रोड) का संचालन फिलहाल ज्वालामुखी रोड के बजाय कोपर लहर रेलवे स्टेशन तक किया जाएगा। वहीं ट्रेन संख्या 52469 (ज्वालामुखी रोड-बैजनाथ पपरोला) को कोपर लहर से संचालित किया जाएगा।

युद्धस्तर पर चल रहा ट्रैक को सामान्य करने का काम

रेलवे के इंजीनियरिंग विभाग की टीम प्रभावित रेलखंड पर लगातार निगरानी कर रही है। भारी बारिश के कारण ट्रैक पर गिरे पत्थरों और भूस्खलन से प्रभावित हिस्सों को सुरक्षित बनाने तथा रेल यातायात को जल्द सामान्य करने के लिए मरम्मत एवं आवश्यक सुरक्षा कार्य युद्धस्तर पर किए जा रहे हैं।

इंजीनियरिंग विभाग के वरिष्ठ मंडल अभियंता शुभम पवार के नेतृत्व में टीम प्रभावित क्षेत्र की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। रेलवे की प्राथमिकता ट्रैक की पूरी तरह जांच और सुरक्षा सुनिश्चित करने के बाद ही रेल सेवाओं को सामान्य करना है।

यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता : उचित सिंघल

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल ने कहा कि भारी बारिश और भूस्खलन की स्थिति में यात्रियों की सुरक्षा रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मौसम और ट्रैक की स्थिति को देखते हुए एहतियाती कदम उठाए गए हैं। उन्होंने यात्रियों से अपील की कि यात्रा से पहले ट्रेन के संचालन की स्थिति की जानकारी रेलवे की अधिकृत सूचना प्रणाली, पूछताछ केंद्र या हेल्पलाइन से अवश्य प्राप्त करें।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद व्यक्त करते हुए कहा कि परिस्थितियां सामान्य होते ही प्रभावित सेवाओं को चरणबद्ध तरीके से बहाल करने के प्रयास किए जाएंगे।