बारिश-तूफान भी हार गया, सीनियर डीईएन शुभम पवार जीत गए! 02 जून से फिर दौड़ेगी पठानकोट-जोगिंदर नगर ट्रेन

पंजाब से हिमाचल का सफर होगा फिर आसान, 02 जून से दोबारा शुरू होगी पठानकोट-जोगिंदर नगर रेल सेवा

जम्मू। यात्रियों और पर्यटकों के लिए एक बेहद राहतभरी और खुशखबरी सामने आई है। लंबे समय से बंद पड़ी पठानकोट से जोगिंदर नगर तक की रेल सेवा अब पुनः शुरू होने जा रही है। रेलवे प्रशासन ने घोषणा की है कि 02 जून से इस रूट पर ट्रेन का नियमित संचालन फिर से प्रारंभ किया जाएगा। इससे पंजाब और हिमाचल प्रदेश के बीच रेल संपर्क एक बार फिर मजबूत होगा और यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी।

यह रेल लाइन पिछले कुछ वर्षों से विभिन्न कारणों के चलते बंद पड़ी थी, जिससे आम यात्रियों के साथ-साथ पर्यटन और स्थानीय व्यापार को भी प्रभावित होना पड़ रहा था। लेकिन जम्मू मंडल बनने के बाद रेलवे ने इस मार्ग को प्राथमिकता पर लेते हुए तेजी से कार्य शुरू किया और अब यह महत्वपूर्ण रेल सेवा दोबारा बहाल होने जा रही है।

इस कार्य को समय से पूरा कराने में इंजीनियरिंग विभाग के सीनियर डीईएन शुभम पवार का योगदान उल्लेखनीय रहा। उन्होंने आंधी, बारिश और तूफान जैसी कठिन परिस्थितियों में भी दिन-रात लगातार निगरानी करते हुए कार्य को तेज गति से पूरा कराया। रेलवे कर्मचारियों ने भी पूरी मेहनत और समर्पण के साथ कार्य किया, ताकि यात्रियों को जल्द से जल्द राहत मिल सके।

उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय ने जानकारी देते हुए बताया कि जम्मू मंडल बनने के बाद रेलवे की प्राथमिकता रही है कि इस महत्वपूर्ण रूट को जल्द से जल्द शुरू किया जाए। उन्होंने बताया कि सभी आवश्यक मरम्मत, सुरक्षा जांच और ट्रैक से जुड़े कार्य पूरे कर लिए गए हैं, जिसके बाद अब ट्रेन संचालन के लिए रास्ता पूरी तरह तैयार है।

रेल सेवा शुरू होने से न सिर्फ स्थानीय यात्रियों को सुविधा मिलेगी, बल्कि हिमाचल प्रदेश घूमने जाने वाले पर्यटकों के लिए भी यह एक बड़ी सौगात साबित होगी। खासतौर पर गर्मियों के मौसम में बड़ी संख्या में पर्यटक हिमाचल की वादियों की ओर रुख करते हैं, ऐसे में यह ट्रेन सेवा यात्रियों के लिए सस्ता, सुरक्षित और आरामदायक विकल्प बनेगी।

रेलवे द्वारा उठाया गया यह कदम पर्यटन, रोजगार और क्षेत्रीय विकास को भी नई गति देगा। लोगों में इस फैसले को लेकर उत्साह है और इसे जम्मू मंडल की एक बड़ी उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।

अब 02 जून से पठानकोट से जोगिंदर नगर तक ट्रेन दौड़ेगी, और पंजाब से हिमाचल की खूबसूरत यात्रा फिर से पटरी पर लौटेगी।