साम्बा स्टेशन पर 6 ट्रेनों के ठहराव फिर बहाल, यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत

जम्मू। यात्रियों की सुविधा और क्षेत्रीय रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल ने बड़ा कदम उठाया है। साम्बा रेलवे स्टेशन पर छह महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव को दोबारा बहाल करने का निर्णय लिया गया है। ये ठहराव 15 अगस्त 2026 से चरणबद्ध तरीके से प्रभावी होंगे।

साम्बा स्टेशन पर दोबारा ठहराव मिलने वाली ट्रेनों में 20434 श्री माता वैष्णो देवी कटरा?सुबेदारगंज, 16787 तिरुनेलवेली?कटरा, 14803 भगत की कोठी?जम्मू तवी, 14804 जम्मू तवी?भगत की कोठी, 16317 कन्याकुमारी?कटरा और 16031 एमजीआर चेन्नई सेंट्रल?कटरा शामिल हैं।

यात्रियों को मिलेगी सीधी रेल सुविधा

इन ट्रेनों के ठहराव बहाल होने से साम्बा और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी। अब उन्हें इन ट्रेनों में यात्रा के लिए जम्मू तवी या अन्य बड़े स्टेशनों तक जाने की आवश्यकता नहीं होगी। इससे यात्रियों के समय और अतिरिक्त यात्रा खर्च की बचत होगी।

साम्बा स्टेशन पर ट्रेनों की उपलब्धता बढ़ने से स्थानीय व्यापार, पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद है। वहीं श्री माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए आने-जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी यह सुविधा काफी उपयोगी साबित होगी।

तीन ट्रेनों के जम्मू तवी समय में बदलाव

ठहराव बहाल किए जाने के साथ तीन ट्रेनों?16787, 16317 और 16031 के जम्मू तवी स्टेशन पर आगमन एवं प्रस्थान समय में पांच मिनट का संशोधन किया गया है। संशोधित समय क्रमशः 17 अगस्त, 21 अगस्त और 16 अगस्त 2026 से प्रभावी होगा। अब ये तीनों ट्रेनें जम्मू तवी स्टेशन पर सुबह 8:30 बजे पहुंचेंगी।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल ने कहा कि यात्रियों की मांग और क्षेत्र की आवश्यकता को देखते हुए साम्बा स्टेशन पर इन ट्रेनों के ठहराव दोबारा शुरू किए गए हैं। इससे स्थानीय लोगों के साथ-साथ वैष्णो देवी यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को भी राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि रेलवे का प्रयास यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और रेल सेवाओं को अधिक सुलभ बनाने का है।

रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले ट्रेनों की समय सारिणी की जानकारी रेलवे की अधिकृत वेबसाइट, राष्ट्रीय ट्रेन पूछताछ प्रणाली या हेल्पलाइन 139 से प्राप्त कर लें।