ऑटोमैटिक सिग्नलिंग से बढ़ेगी रेल परिचालन क्षमता, 14 अगस्त को कई ट्रेनों के संचालन में बदलाव

अहमदाबाद। अहमदाबाद मंडल में रेल परिचालन को और बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया जा रहा है। 14 अगस्त 2026 को आंबलियासन, जगुदण, मेहसाणा और भांडू मोटीदाऊ स्टेशनों के बीच ऑटोमैटिक सिग्नलिंग प्रणाली की कमीशनिंग का कार्य किया जाएगा। इसके साथ ही अहमदाबाद-पालनपुर रेलखंड के संबंधित हिस्से में भी सिग्नलिंग से जुड़े कार्य किए जाएंगे।

ऑटोमैटिक सिग्नलिंग प्रणाली शुरू होने के बाद रेलखंड की लाइन क्षमता में वृद्धि होगी। इससे ट्रेनों को स्टेशन पर लाइन क्लियर होने या दूसरी ट्रेन के गुजरने का इंतजार कम करना पड़ेगा। परिणामस्वरूप यात्री और मालगाड़ियों का परिचालन अधिक सुचारु, सुरक्षित और समयबद्ध तरीके से हो सकेगा।

सिग्नलिंग कार्य के दौरान यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कुछ ट्रेनों को पूरी तरह रद्द, कुछ को आंशिक रूप से रद्द तथा कुछ को परिवर्तित मार्ग से संचालित किया जाएगा।

10 जोड़ी ट्रेनें पूरी तरह रद्द

14 अगस्त को ट्रेन संख्या 79433/79434 साबरमती-पाटन-साबरमती डेमू, 69207/69208 गांधीनगर कैपिटल-वरेठा-गांधीनगर कैपिटल मेमू, 79437/79438 मेहसाणा-आबूरोड-महेसाणा डेमू, 79431/79432 साबरमती-मेहसाणा-साबरमती डेमू रद्द रहेंगी।

इसके अलावा 59509/59510 मेहसाणा-वीरमगाम-मेहसाणा पैसेंजर, 59481/59482 मेहसाणा-भीलड़ी-मेहसाणा पैसेंजर, 59475/59476 मेहसाणा-पाटन-मेहसाणा पैसेंजर, 79435/79436 साबरमती-पाटन-साबरमती डेमू, 59483/59484 मेहसाणा-पाटन-मेहसाणा पैसेंजर तथा 59511/59512 मेहसाणा-वीरमगाम-मेहसाणा पैसेंजर भी 14 अगस्त को पूरी तरह रद्द रहेंगी।

दो रेलसेवाएं आंशिक रूप से रद्द

ट्रेन संख्या 14822/14821 साबरमती-जोधपुर-साबरमती एक्सप्रेस आबूरोड-साबरमती-आबूरोड के बीच आंशिक रूप से रद्द रहेगी। वहीं ट्रेन संख्या 20959/20960 वलसाड-वडनगर-वलसाड इंटरसिटी एक्सप्रेस गांधीनगर कैपिटल-वडनगर-गांधीनगर कैपिटल के बीच आंशिक रूप से रद्द रहेगी।

कई ट्रेनों के बदले मार्ग

सिग्नलिंग कार्य के कारण कई महत्वपूर्ण ट्रेनों को परिवर्तित मार्ग से चलाया जाएगा। साबरमती-जैसलमेर इंटरसिटी एक्सप्रेस को साबरमती-कलोल-कटोसन रोड-मेहसाणा होकर चलाया जाएगा।

प्रयागराज-वेरावल स्पेशल पालनपुर-भीलड़ी-मेहसाणा-वीरमगाम होकर संचालित होगी। वहीं जोधपुर-दादर एक्सप्रेस मेहसाणा-कटोसन रोड-कलोल-साबरमती होकर चलेगी।

लालगढ़-साबरमती एक्सप्रेस भी मेहसाणा-कटोसन रोड-कलोल-साबरमती के परिवर्तित मार्ग से संचालित होगी। भगत की कोठी-एमजीआर चेन्नई सेंट्रल एक्सप्रेस को मेहसाणा-कटोसन रोड-कलोल होकर चलाया जाएगा।

योगा एक्सप्रेस का भी बदलेगा मार्ग

साबरमती-योग नगरी ऋषिकेश योगा एक्सप्रेस को साबरमती-कलोल-कटोसन रोड-मेहसाणा-पाटन-भीलड़ी-पालनपुर के रास्ते संचालित किया जाएगा। यह ट्रेन सिद्धपुर और उंझा स्टेशनों पर नहीं जाएगी।

वापसी में योग नगरी ऋषिकेश-साबरमती योगा एक्सप्रेस पालनपुर-भीलड़ी-पाटन-मेहसाणा-कटोसन रोड-कलोल-साबरमती होकर चलेगी और सिद्धपुर तथा उंझा स्टेशनों पर ठहराव नहीं करेगी।

इसी प्रकार दौलतपुर चौक-गांधीनगर कैपिटल एक्सप्रेस को भी पालनपुर-भीलड़ी-पाटन-मेहसाणा-कटोसन रोड-कलोल-गांधीनगर कैपिटल के परिवर्तित मार्ग से संचालित किया जाएगा। यह ट्रेन भी सिद्धपुर और उंझा स्टेशनों पर नहीं रुकेगी।

रेलवे के अनुसार ऑटोमैटिक सिग्नलिंग प्रणाली के शुरू होने से इस रेलखंड पर ट्रेनों की आवाजाही अधिक प्रभावी होगी और भविष्य में बढ़ते यात्री एवं माल यातायात को संभालने में भी मदद मिलेगी। यात्रियों को सलाह दी गई है कि 13 और 14 अगस्त को यात्रा से पहले अपनी ट्रेन के संचालन की स्थिति और मार्ग की जानकारी अवश्य जांच लें।