समयपालन में जोधपुर मंडल का शानदार प्रदर्शन, भारतीय रेलवे के सभी मंडलों में रहा प्रथम

जोधपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल ने ट्रेन समयपालन के क्षेत्र में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारतीय रेलवे के सभी मंडलों में पहला स्थान हासिल किया है। 11 अगस्त 2026 को मंडल ने मेल एवं एक्सप्रेस ट्रेनों में 100 प्रतिशत तथा समग्र रूप से 99.07 प्रतिशत समयपालन दर्ज किया।

मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने इस उपलब्धि पर मंडल के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सफलता टीमवर्क, समर्पण, प्रभावी ट्रेन प्रबंधन और बेहतर परिचालन दक्षता का परिणाम है। यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और समयबद्ध रेल सेवा उपलब्ध कराना मंडल की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

जोधपुर मंडल की इस उपलब्धि में परिचालन, इंजीनियरिंग, विद्युत, सिग्नल एवं दूरसंचार, यांत्रिक सहित विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय की महत्वपूर्ण भूमिका रही। ट्रेनों की लगातार निगरानी और प्रभावी प्रबंधन के चलते मंडल ने समयपालन का उत्कृष्ट स्तर हासिल किया।

99.07 प्रतिशत समग्र समयपालन के साथ जोधपुर मंडल का यह प्रदर्शन उसकी मजबूत परिचालन व्यवस्था और कर्मचारियों की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। मंडल का प्रयास है कि समयपालन के इस स्तर को आगे भी बनाए रखते हुए यात्रियों को बेहतर एवं समयबद्ध रेल सेवाएं उपलब्ध कराई जाती रहें।