दिल्ली सराय रोहिल्ला-पटेलनगर-पालम के बीच ऑटोमेटिक सिग्नलिंग कार्य, कई ट्रेनें रहेंगी रद्द और प्रभावित

जयपुर। उत्तर रेलवे के दिल्ली मंडल में दिल्ली सराय रोहिल्ला-पटेलनगर-पालम स्टेशनों के बीच ऑटोमेटिक सिग्नलिंग कार्य के लिए ब्लॉक लिया जा रहा है। इसके चलते उत्तर पश्चिम रेलवे से संचालित कई रेलसेवाएं प्रभावित रहेंगी। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने प्रभावित ट्रेनों की सूची जारी की है।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार, कार्य के कारण कुछ रेलसेवाएं रद्द रहेंगी, जबकि कई ट्रेनों का मार्ग बदला जाएगा। इसके अलावा कुछ ट्रेनों को निर्धारित समय से देरी से चलाया जाएगा अथवा मार्ग में नियंत्रित किया जाएगा।

24 रेलसेवाएं रहेंगी रद्द

कार्य के चलते 5 से 8 अक्टूबर 2026 के बीच दिल्ली सराय-बांद्रा टर्मिनस, दिल्ली-जैसलमेर, जयपुर-दिल्ली सराय, अजमेर-दिल्ली सराय, चंडीगढ़-बांद्रा टर्मिनस, तिलकब्रिज-सिरसा, जोधपुर-दिल्ली कैंट वंदे भारत, भुज-दिल्ली सराय सहित कई महत्वपूर्ण रेलसेवाएं रद्द रहेंगी।

इसके अलावा दिल्ली-रेवाड़ी, रेवाड़ी-दिल्ली, दिल्ली-हिसार, हिसार-रेवाड़ी और हिसार-दिल्ली सहित कई दैनिक रेलसेवाएं भी निर्धारित तिथियों पर रद्द रहेंगी। रद्द होने वाली प्रमुख ट्रेनों में ट्रेन संख्या 12215/12216, 14087/14088, 12985/12986, 12065/12066, 22451/22452, 26481/26482 और 20983/20984 शामिल हैं।

सात ट्रेनों के मार्ग में बदलाव

ब्लॉक के कारण सात रेलसेवाओं को परिवर्तित मार्ग से चलाया जाएगा। ट्रेन संख्या 14662 जम्मूतवी-बाड़मेर, 14321 बरेली-भुज और 09524 शकूरबस्ती-ओखा को दिल्ली-रोहतक-भिवानी-रेवाड़ी होकर संचालित किया जाएगा।

वहीं 09523 ओखा-साबरमती, 19403 भुज-दिल्ली, 14312 भुज-बरेली तथा 09203 वेरावल-हरिद्वार रेलसेवाएं भी परिवर्तित मार्ग से चलेंगी। इन ट्रेनों के परिवर्तित मार्ग में भिवानी सहित निर्धारित स्टेशनों पर ठहराव दिया जाएगा।

कुछ ट्रेनें देरी से चलेंगी

ट्रेन संख्या 15715 किशनगंज-अजमेर 6 अक्टूबर को अपने निर्धारित समय से 2 घंटे 40 मिनट की देरी से रवाना होगी। ट्रेन संख्या 12916 दिल्ली-साबरमती 7 अक्टूबर को 55 मिनट की देरी से चलेगी। वहीं 12323 हावड़ा-बाड़मेर रेलसेवा को दिल्ली स्टेशन पर 15 मिनट नियंत्रित किया जाएगा।

रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति और निर्धारित समय की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि सिग्नलिंग कार्य के कारण होने वाले बदलाव से किसी प्रकार की असुविधा न हो।