जयपुर-बांद्रा टर्मिनस साप्ताहिक स्पेशल अब नियमित एक्सप्रेस ट्रेन के रूप में चलेगी

जयपुर। यात्रियों की बढ़ती संख्या और सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने जयपुर-बांद्रा टर्मिनस-जयपुर साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन को नियमित रेलसेवा के रूप में संचालित करने का निर्णय लिया है। अब ट्रेन संख्या 19723/19724 जयपुर-बांद्रा टर्मिनस-जयपुर साप्ताहिक एक्सप्रेस के रूप में संचालित होगी।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार, ट्रेन संख्या 19723 जयपुर-बांद्रा टर्मिनस साप्ताहिक एक्सप्रेस 26 अगस्त 2026 से प्रत्येक बुधवार को जयपुर से सुबह 8:20 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 5:10 बजे बांद्रा टर्मिनस पहुंचेगी।

वापसी में ट्रेन संख्या 19724 बांद्रा टर्मिनस-जयपुर साप्ताहिक एक्सप्रेस 27 अगस्त 2026 से प्रत्येक गुरुवार को बांद्रा टर्मिनस से सुबह 8:35 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 6:45 बजे जयपुर पहुंचेगी।

इन स्टेशनों पर होगा ठहराव

यह ट्रेन दोनों दिशाओं में किशनगढ़, अजमेर, नसीराबाद, बिजयनगर, मांडल, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, नीमच, मंदसौर, रतलाम, वडोदरा, सूरत, वापी और बोरीवली स्टेशनों पर ठहरेगी।

20 डिब्बों की होगी ट्रेन

नियमित रेलसेवा के रूप में संचालित होने वाली इस ट्रेन में कुल 20 डिब्बे होंगे। इनमें एक प्रथम वातानुकूलित, दो द्वितीय वातानुकूलित, चार तृतीय वातानुकूलित, दो तृतीय वातानुकूलित इकोनॉमी, पांच द्वितीय शयनयान, चार साधारण श्रेणी तथा दो पावरकार डिब्बे शामिल हैं।

रेलवे के इस निर्णय से जयपुर, राजस्थान और मुंबई के बीच सफर करने वाले यात्रियों को नियमित साप्ताहिक रेलसेवा का लाभ मिलेगा।