सड़क हादसे में घायल छात्र को सामाजिक कार्यकर्ता ने कराया अस्पताल में भर्ती, क्षेत्र में हो रही सराहना

आलापुर (अंबेडकरनगर)। राजेसुल्तानपुर थाना क्षेत्र के ग्राम गढ़वल निवासी कक्षा सात के छात्र आयुष सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण इलाज में परेशानी झेल रहे परिवार की मदद के लिए सामाजिक कार्यकर्ता मित्रसेन और उनके साथियों ने आगे बढ़कर छात्र को चक्रपानपुर पीजीआई, आजमगढ़ में भर्ती कराया। उनके इस मानवीय प्रयास की क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने सराहना की है।

जानकारी के अनुसार, गढ़वल निवासी हरेंद्र के पुत्र आयुष पीएम श्री कन्या उच्च प्राथमिक विद्यालय अहिरौली रानीमऊ, शिक्षा क्षेत्र जहांगीरगंज में कक्षा सात के छात्र हैं। बीते 6 अगस्त की शाम वह सड़क के किनारे जा रहे थे। इसी दौरान एक चार पहिया वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में आयुष के पेट में गंभीर चोटें आईं।

दुर्घटना के बाद परिजन उन्हें तत्काल जिला अस्पताल, अंबेडकरनगर लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन आयुष को इलाज के लिए लखनऊ ले गए, लेकिन परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक न होने और दवा-इलाज का खर्च वहन करने में असमर्थता के चलते उन्हें लखनऊ से वापस घर लौटना पड़ा।

आयुष के पिता दिल्ली में दिहाड़ी मजदूरी कर किसी तरह परिवार का भरण-पोषण करते हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति की जानकारी मिलने पर सामाजिक कार्यकर्ता मित्रसेन, ग्राम प्रधान गढ़वल मुकेश यादव, प्रदीप एवं अन्य सहयोगियों ने आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई और आयुष को चक्रपानपुर पीजीआई, आजमगढ़ में भर्ती कराया।

फिलहाल आयुष अस्पताल में भर्ती हैं और उनका उपचार चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है।

सामाजिक कार्यकर्ता मित्रसेन एवं उनके सहयोगियों द्वारा संकट की घड़ी में पीड़ित परिवार की मदद किए जाने की क्षेत्र के गणमान्य लोगों और ग्रामीणों ने सराहना की है। लोगों ने कहा कि जरूरतमंद परिवार की इस तरह मदद करना समाज के लिए एक सकारात्मक और प्रेरणादायक उदाहरण है।