जसजीत कौर का आदेश, डॉ. आर के पाण्डेय का पहरा—बिजनौर में आग भी बोले, “आज छुट्टी कर दो यार!”

सावन के दूसरे सोमवार और शिवरात्रि को लेकर बिजनौर अग्निशमन विभाग पूरी तरह अलर्ट

जिलाधिकारी जसजीत कौर के निर्देश पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर अग्निशमन विभाग ने कसी कमर, हर आपात स्थिति से निपटने को तैयार

बिजनौर। सावन माह के दूसरे सोमवार एवं शिवरात्रि पर्व को देखते हुए जिले में श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। जिलाधिकारी जसजीत कौर के आदेश एवं मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय के निर्देशन में बिजनौर अग्निशमन विभाग ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं।

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिरों, शिवालयों, कांवड़ मार्गों, भंडारा स्थलों एवं प्रमुख धार्मिक स्थलों पर अग्नि सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है। अग्निशमन विभाग की टीमें लगातार संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण कर रही हैं और आयोजकों को अग्निशमन उपकरण, पानी, बालू तथा अन्य आवश्यक सुरक्षा इंतजाम उपलब्ध रखने के निर्देश दिए जा रहे हैं।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। अग्निशमन वाहनों और कर्मचारियों को पूरी तरह तैयार रखा गया है, ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।

विभाग द्वारा मंदिर परिसरों, पंडालों, भंडारा स्थलों और कांवड़ मार्गों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सतर्क रहते हुए त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

बिजनौर अग्निशमन विभाग की मुस्तैदी से श्रद्धालुओं में सुरक्षा का भरोसा बढ़ा है। प्रशासन का उद्देश्य सावन के पावन पर्व को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित माहौल में संपन्न कराना है।