बाढ़ के बीच एनएफआर ने बहाल किया शिमालुगुड़ी रेल संपर्क, जल्द शुरू होंगी सीमित ट्रेन सेवाएं

पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे ने असम के शिवसागर जिले में बाढ़ से प्रभावित शिमालुगुड़ी रेल खंड पर रेल संपर्क बहाल कर दिया है। महाप्रबंधक ने स्वयं मौके का निरीक्षण कर हालात का जायजा लिया। सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए फिलहाल इस मार्ग पर सीमित रूप से डीजल इंजन से ट्रेनों का संचालन शुरू किया जाएगा।

रेलवे के अनुसार हाल ही में आई बाढ़ के कारण रेल पटरियों के आसपास बड़ी संख्या में लोग और मवेशी शरण लिए हुए थे। ऐसे में यात्रियों और स्थानीय लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रारंभिक चरण में केवल डीजल इंजन से ट्रेनों का संचालन करने का निर्णय लिया गया है, जिससे किसी भी प्रकार की दुर्घटना की संभावना को कम किया जा सके।

एनएफआर ने बताया कि लेडो?गुवाहाटी इंटरसिटी एक्सप्रेस, रंगिया?लेडो इंटरसिटी एक्सप्रेस, तिनसुकिया?लुमडिंग डीईएमयू और तिनसुकिया?जोरहाट टाउन पैसेंजर सहित कई ट्रेनों का संचालन परिवर्तित मार्ग से पुनः शुरू किया जा रहा है। साथ ही अपर असम आने-जाने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए नियमित रेल सेवाएं भी धीरे-धीरे बहाल की जाएंगी।

रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बाढ़ प्रभावित लोगों के सुरक्षित रूप से अपने घर लौटने और स्थिति पूरी तरह सामान्य होने के बाद ही इस रेलखंड पर पूर्ण रूप से ट्रेन संचालन और इलेक्ट्रिक इंजनों का परिचालन शुरू किया जाएगा।

एनएफआर ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में सुरक्षित एवं सुचारु रेल संचालन सुनिश्चित करने के लिए लगातार निगरानी और आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।