असम में बाढ़ का रेल संचालन पर असर, कई ट्रेनें रद्द, डायवर्ट और शॉर्ट टर्मिनेट; रेलवे ने जारी की नई सूची

असम के सिमालुगुड़ी और आसपास के क्षेत्रों में लगातार बाढ़ की स्थिति के कारण पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (एनएफआर) ने यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कई ट्रेनों को रद्द, आंशिक रूप से रद्द और डायवर्ट करने का फैसला किया है। रेलवे ने 6 अगस्त 2026 को नई सूची जारी करते हुए बताया कि तिनसुकिया मंडल के प्रभावित रेलखंडों पर परिचालन प्रभावित हुआ है।

रेलवे के अनुसार नई दिल्ली?डिब्रूगढ़ राजधानी एक्सप्रेस, विवेक एक्सप्रेस, अवध असम एक्सप्रेस, कामरूप एक्सप्रेस, अमृत भारत एक्सप्रेस समेत कई लंबी दूरी की ट्रेनों का मार्ग बदला गया है। वहीं कुछ इंटरसिटी, डीईएमयू और पैसेंजर ट्रेनों को निर्धारित तिथियों पर रद्द भी किया गया है।

एनएफआर ने बताया कि बाढ़ प्रभावित रेलखंडों पर इंजीनियरिंग और परिचालन टीमें युद्धस्तर पर मरम्मत एवं बहाली कार्य में जुटी हैं। वरिष्ठ रेलवे अधिकारी लगातार स्थिति की निगरानी कर रहे हैं ताकि जल्द से जल्द रेल सेवाएं सामान्य की जा सकें।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की अद्यतन स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त करें और उसी के अनुसार यात्रा की योजना बनाएं। रेलवे ने भरोसा दिलाया है कि सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और सेवाओं की शीघ्र बहाली के लिए 24 घंटे प्रयास किए जा रहे हैं।