अम्बाला मंडल के 43 रेलकर्मी सम्मानित, रेलवे सप्ताह पर 10 रनिंग शील्ड जीतकर रचा नया कीर्तिमान

उत्तर रेलवे के अम्बाला मंडल में 70वें रेलवे सप्ताह के अवसर पर गुरुवार को ऑफिसर्स क्लब, रेल विहार, अम्बाला कैंट में 'रेल सेवा पुरस्कार-2025' समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान मंडल रेल प्रबंधक विनोद भाटिया ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले 43 रेलकर्मियों को सम्मानित किया तथा विभिन्न विभागों को 10 प्रतिष्ठित रनिंग शील्ड प्रदान की गईं।

समारोह में वाणिज्यिक, विद्युत, ट्रैक्शन, मैकेनिकल, इंजीनियरिंग, आरपीएफ, सिग्नल एवं दूरसंचार, सेफ्टी, मेडिकल, ऑपरेटिंग, कार्मिक, राजभाषा और खेल सहित विभिन्न विभागों के कर्मचारियों को उनके उल्लेखनीय योगदान और समर्पित सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया।

अम्बाला मंडल ने विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार-2025 के तहत एकाउंट एवं फाइनेंस मैनेजमेंट, वाणिज्यिक, बेस्ट मेंटेन माइनर स्टेशन, लोकोमोटिव शेड, सिविल इंजीनियरिंग (वर्क्स), सिविल इंजीनियरिंग (ट्रैक), राजभाषा, टेलीकम्युनिकेशन सिक्योरिटी, सिक्योरिटी तथा ओवरऑल एफिशिएंट बेस्ट डिवीजन सहित कुल 10 रनिंग शील्ड हासिल कर अपनी उत्कृष्ट कार्यशैली का परिचय दिया।

मंडल रेल प्रबंधक विनोद भाटिया ने कहा कि रेलवे की सफलता प्रत्येक रेलकर्मी की मेहनत, कर्तव्यनिष्ठा और टीम भावना का परिणाम है। उन्होंने कहा कि रेल सेवा पुरस्कार कर्मचारियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करते हैं और उत्कृष्ट कार्य संस्कृति को बढ़ावा देते हैं।

रेल प्रशासन ने सभी पुरस्कार विजेताओं और सम्मानित विभागों को बधाई देते हुए विश्वास जताया कि अम्बाला मंडल भविष्य में भी यात्री सुविधा, संरक्षा और परिचालन दक्षता के क्षेत्र में नए मानक स्थापित करता रहेगा।