अम्बाला मंडल की बड़ी उपलब्धि: पहली बार पंपोर (जम्मू-कश्मीर) के लिए निजी पार्टी के चावल का रेल से लदान

अम्बाला। उत्तर रेलवे के अम्बाला मंडल ने माल परिवहन के क्षेत्र में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए पहली बार जम्मू-कश्मीर के पंपोर के लिए निजी पार्टी के खाद्यान्न (चावल) का एक वैगन सफलतापूर्वक लोड किया है। इस पहल से घाटी तक कम लागत में खाद्यान्न पहुंचाने का मार्ग और मजबूत होगा, वहीं स्थानीय व्यापारियों को भी रेलवे की किफायती एवं विश्वसनीय माल परिवहन सेवा का लाभ मिलेगा।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, अम्बाला मंडल लघु उद्योगों और छोटे व्यापारियों के उत्पादों को कम परिवहन लागत पर देश के विभिन्न हिस्सों, विशेषकर जम्मू-कश्मीर तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। इसी दिशा में अप्रैल से जून 2026 के दौरान अम्बाला छावनी माल गोदाम से अनंतनाग के लिए जैविक खाद के सात वैगनों तथा निजी पार्टी के चावल का एक वैगन सफलतापूर्वक भेजा गया था। इन सेवाओं को व्यापारिक समुदाय से उत्साहजनक प्रतिक्रिया मिली।

इस सफलता को आगे बढ़ाते हुए अब पहली बार पंपोर के लिए निजी पार्टी के चावल का एक वैगन रवाना किया जा रहा है। रेलवे का मानना है कि इससे जम्मू-कश्मीर क्षेत्र में खाद्यान्न की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित होगी और अधिक व्यापारी रेल माल परिवहन से जुड़ने के लिए प्रेरित होंगे।

इस एक वैगन के लदान से अम्बाला मंडल को लगभग 64 हजार रुपये का राजस्व प्राप्त होगा। साथ ही, यह पहल रेलवे की आय बढ़ाने के अलावा सड़क परिवहन की तुलना में अधिक किफायती, सुरक्षित और पर्यावरण-अनुकूल परिवहन व्यवस्था को भी बढ़ावा देगी।

अम्बाला मंडल ने कहा है कि वह व्यापार एवं उद्योग जगत की आवश्यकताओं के अनुरूप बेहतर माल परिवहन सुविधाएं उपलब्ध कराने, नए माल यातायात स्रोत विकसित करने तथा ग्राहकों को सुरक्षित, समयबद्ध और भरोसेमंद सेवाएं प्रदान करने के लिए निरंतर कार्य करता रहेगा।