नगर पालिका में बिना परिषद की स्वीकृति लाखों के कार्य कराने का आरोप, जांच की मांग

बैकुंठपुर। नगर पालिका परिषद बैकुंठपुर के वार्ड क्रमांक 20 के पार्षद संजय जायसवाल ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) को पत्र सौंपकर नगर पालिका में कराए जा रहे विकास कार्यों को लेकर गंभीर आपत्ति जताई है। उन्होंने 31 जुलाई 2026 को लगभग ₹300.64 लाख की लागत के कार्यों को बिना परिषद की स्वीकृति के कराए जाने का आरोप लगाते हुए इनकी जांच कराने की मांग की है।पार्षद ने अपने आवेदन में कहा है कि 31 जुलाई 2026 को जारी कार्यसूची में ऐसे विकास कार्य शामिल किए गए, जिनकी नगर पालिका परिषद की बैठक में न तो स्वीकृति ली गई और न ही पार्षदों को इसकी जानकारी दी गई। उनका आरोप है कि परिषद को विश्वास में लिए बिना प्रशासनिक स्तर पर कार्य स्वीकृत कर दिए गए, जिससे परिषद की भूमिका और अधिकारों की अनदेखी हुई है।संजय जायसवाल ने मांग की है कि संबंधित कार्यों की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा यदि नियमों का उल्लंघन पाया जाता है तो जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में परिषद की विधिवत स्वीकृति के बिना किसी भी विकास कार्य को स्वीकृत या प्रारंभ न किया जाए।