प्रयागराज मंडल का सघन टिकट चेकिंग अभियान: जुलाई में 93 हजार से अधिक यात्री पकड़े गए, 8.86 करोड़ रुपये से ज्यादा जुर्माना वसूला

प्रयागराज। उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल ने जुलाई माह में टिकट रहित और अनियमित यात्रा के खिलाफ व्यापक अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की। पूरे महीने चले सघन टिकट चेकिंग अभियान में 93,692 यात्रियों को विभिन्न नियम उल्लंघनों में प्रभारित किया गया और 8.86 करोड़ रुपये (8,86,52,701 रुपये) से अधिक का जुर्माना वसूला गया।

मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल के मार्गदर्शन तथा वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (कोचिंग) हरिमोहन के निर्देशन में 1 जुलाई से 31 जुलाई 2026 तक स्टेशनों और ट्रेनों में विशेष टिकट जांच अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य बिना टिकट यात्रा, अनियमित यात्रा, बिना बुक किए सामान ले जाने तथा धूम्रपान और गंदगी फैलाने जैसी गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाना था।

अभियान के दौरान 38,958 बिना टिकट यात्रियों से 4.50 करोड़ रुपये, 51,708 अनियमित टिकट वाले यात्रियों से 4.07 करोड़ रुपये, 20 अनबुक्ड लगेज मामलों में 4,905 रुपये तथा धूम्रपान और गंदगी फैलाने वाले 3,006 यात्रियों से 28.64 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया।

स्टेशनवार कार्रवाई में प्रयागराज स्टेशन सबसे आगे रहा, जहां 30,816 मामलों में करीब 2.91 करोड़ रुपये का जुर्माना वसूला गया। इसके बाद कानपुर स्टेशन पर 20,291 मामलों में लगभग 1.98 करोड़ रुपये तथा प्रयागराज छिवकी में 9,909 मामलों में 1.01 करोड़ रुपये से अधिक का जुर्माना वसूला गया।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे हमेशा वैध टिकट लेकर यात्रा करें, रेलवे के नियमों का पालन करें और स्टेशन एवं ट्रेनों में स्वच्छता बनाए रखें। किसी भी प्रकार की अनियमितता या असुविधा की सूचना तत्काल रेलवे अधिकारियों को दें।

प्रयागराज मंडल ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षित, सुविधाजनक और सुखद यात्रा सुनिश्चित करने के लिए भविष्य में भी ऐसे सघन टिकट चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेंगे।