पुनाली रोड पर असामाजिक तत्वों का आतंक : देर रात मिनी बस पर पथराव, शीशा टूटा

संवाददाता - संतोष व्यास

डूंगरपुर। जिले के दोवड़ा थाना क्षेत्र के पुनाली-दोवड़ा मार्ग पर देर रात सफर करना अब राहगीरों और वाहन चालकों के लिए जानलेवा साबित होने लगा है। आए दिन हो रही पथराव की घटनाओं से क्षेत्रवासियों और वाहन चालकों में गहरा रोष व्याप्त है। ताजा मामले में बीती देर रात अहमदाबाद से आ रही एक निजी मिनी बस को निशाना बनाते हुए बदमाशों ने पथराव कर दिया, जिससे बस का सामने का कांच बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस संबंध में पीड़ित बस मालिक ने दोवड़ा थाना पुलिस को लिखित रिपोर्ट सौंपकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

- क्या है पूरा मामला?

पुलिस को सौंपी गई रिपोर्ट के अनुसार, वाड़ा पुनाली निवासी चंद्रवीर सिंह पुत्र शिवसिंह डाबी की मिनी बस रविवार को अहमदाबाद से सवारियां लेकर आ रही थी, देर रात करीब 12:50 बजे जब होण्डा शोरूम के पास पहुंची, तभी अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने चलती बस पर अचानक पत्थरबाजी कर दी। अचानक हुए इस हमले से चालक घबरा गया, हालांकि उसने सूझबूझ दिखाते हुए बड़ा हादसा होने से टाल दिया। पत्थर लगने से बस का आगे का कांच टूट गया। गनीमत रही कि बस चालक मुकेश पुत्र देवीलाल मीणा निवासी झल्लारा और उसमें सवार यात्री बाल-बाल बच गए, अन्यथा कोई बड़ा हादसा हो सकता था।

- बढ़ती घटनाओं से दहशत का माहौल

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि पुनाली रोड पर देर रात असामाजिक तत्वों और बाइक सवार बदमाशों की आवाजाही बढ़ गई है। आए दिन राहगीरों के वाहनों पर पत्थर फेंकने जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे वाहन चालकों में जान-माल का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों और पीड़ित पक्ष ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि पुनाली एवं आसपास के क्षेत्र में रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाई जाए तथा इस प्रकार की वारदात को अंजाम देने वाले अज्ञात बदमाशों को जल्द से जल्द चिन्हित कर उनके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।