32 पात्र परिवारों के नाम पीएम आवास सूची से गायब, ग्रामीणों में आक्रोश

आलापुर(अंबेडकरनगर)।विकास खंड जहांगीरगंज की ग्राम पंचायत कल्यानपुर में प्रधानमंत्री आवास योजना की सूची से आवास प्लस सर्वे में शामिल 32 पात्र परिवारों के नाम गायब होने का मामला सामने आया है। इससे ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। प्रभावित लोगों ने मामले की जांच कर पात्र परिवारों को योजना का लाभ दिलाने की मांग की है।

ग्रामीणों के अनुसार, आवास प्लस ऐप के माध्यम से कराए गए सर्वे में ग्राम पंचायत के 45 परिवारों को पात्र पाया गया था। सर्वे के बाद सभी को उम्मीद थी कि उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिलेगा, लेकिन अंतिम सूची जारी होने पर केवल 13 लोगों के नाम ही शामिल किए गए। इससे 32 पात्र परिवार योजना से वंचित रह गए।

ग्राम पंचायत सचिव अनूप कुमार मिश्रा ने बताया कि उनके पास उपलब्ध सूची में केवल 13 लाभार्थियों के नाम हैं। अन्य लोगों के नाम किस आधार पर हटाए गए, इसकी जानकारी उन्हें नहीं है।

सूची से बाहर हुए रामधारी गौतम, संगीता मौर्य, रीता गौतम, प्रियंका तिवारी, गीता कन्नौजिया, जिलेबा कन्नौजिया, दिव्यांग श्रीकांत यादव, सुमन समेत अन्य ग्रामीणों का कहना है कि वे आज भी खपरैल और छप्पर के मकानों में रहने को मजबूर हैं। इसके बावजूद उनका नाम सूची से हटा दिया गया। ग्रामीणों ने इसे कर्मचारियों की मनमानी बताते हुए शासन की मंशा के विपरीत कार्रवाई का आरोप लगाया है।

सर्वे प्रभारी एवं सहायक विकास अधिकारी (समाज कल्याण) चंद्रभूषण राव ने बताया कि सर्वे में शामिल लोगों का सत्यापन एआई तकनीक के माध्यम से किया गया, जिसके बाद कुछ नाम सूची से हटा दिए गए। उन्होंने कहा कि प्रभावित पात्र परिवार खंड विकास अधिकारी को लिखित शिकायत दें। विकास खंड स्तर से मामला उच्च अधिकारियों को भेजकर पुनः जांच कराई जाएगी, ताकि पात्र लोगों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिल सके।