राष्ट्रीय राजमार्ग बंद होने पर उत्तर रेलवे बना यात्रियों का सहारा, विशेष ट्रेनों से 2200 यात्रियों को सुरक्षित पहुंचाया गंतव्य

जम्मू। भारी बारिश और खराब मौसम के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग-44 के श्रीनगर?उधमपुर खंड के बाधित होने के बाद उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल ने त्वरित निर्णय लेते हुए यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष ट्रेनों का सफल संचालन किया। रेलवे की इस त्वरित और संवेदनशील पहल से लगभग 2200 यात्रियों को सुरक्षित एवं समय पर अपने गंतव्य तक पहुंचने में बड़ी राहत मिली।

रेलवे प्रशासन ने बड़गाम?श्री माता वैष्णो देवी कटरा?बड़गाम के बीच विशेष ट्रेन का संचालन किया। यह ट्रेन दोपहर 1:00 बजे बड़गाम से रवाना होकर श्रीनगर, बनिहाल और संगलदान होते हुए शाम 4:20 बजे श्री माता वैष्णो देवी कटरा पहुंची। वापसी में ट्रेन शाम 5:05 बजे कटरा से रवाना होकर रात्रि 8:30 बजे बड़गाम पहुंची।

इसके अलावा बनिहाल से श्री माता वैष्णो देवी कटरा के लिए भी एक तरफा विशेष ट्रेन चलाई गई, जिसने मार्ग बंद होने से प्रभावित यात्रियों को समय पर सुरक्षित यात्रा का विकल्प उपलब्ध कराया।

रेलवे की इस पहल से न केवल फंसे हुए यात्रियों को राहत मिली, बल्कि स्टेशनों पर भीड़ का प्रभावी प्रबंधन भी सुनिश्चित हुआ। आपात परिस्थितियों में यात्रियों को त्वरित परिवहन उपलब्ध कराकर उत्तर रेलवे ने एक बार फिर अपनी यात्री सेवा और मानवीय संवेदनशीलता का परिचय दिया। यात्रियों ने रेलवे के इस सराहनीय प्रयास की खुले दिल से प्रशंसा करते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा उत्तर रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है। राष्ट्रीय राजमार्ग बंद होने की सूचना मिलते ही विशेष ट्रेनों के संचालन का निर्णय लिया गया, जिससे हजारों यात्रियों को समय पर राहत मिल सकी। उन्होंने रेलवे कर्मचारियों की तत्परता और समर्पण की भी सराहना करते हुए कहा कि जम्मू मंडल भविष्य में भी हर आपात स्थिति में यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और भरोसेमंद यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध रहेगा।

उत्तर रेलवे का यह त्वरित कदम एक बार फिर साबित करता है कि संकट की घड़ी में भारतीय रेल यात्रियों के साथ मजबूती से खड़ी रहती है और हर परिस्थिति में जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है।