फिरोजपुर मंडल की बड़ी उपलब्धि: फाजिल्का से पम्पोर के लिए पहली हस्क पीसमील रेक रवाना, व्यापार को मिलेगा नया बल

फिरोजपुर। उत्तर रेलवे के फिरोजपुर मंडल ने माल परिवहन के क्षेत्र में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए फाजिल्का (पंजाब) से पम्पोर (जम्मू-कश्मीर) के लिए पहली बार हस्क (धान की भूसी) की पीसमील रेक सफलतापूर्वक रवाना की है। यह खेप 15 जुलाई 2026 से शुरू हुए पम्पोर गुड्स शेड के लिए भेजी गई पहली पीसमील रेक है।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार यह उपलब्धि न केवल फिरोजपुर मंडल की व्यावसायिक सफलता का प्रतीक है, बल्कि भारतीय रेलवे की माल परिवहन सेवाओं पर व्यापारियों के बढ़ते विश्वास को भी दर्शाती है।

मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार के मार्गदर्शन में बिजनेस डेवलपमेंट यूनिट ने उद्योग और व्यापार जगत से लगातार संपर्क बनाए रखते हुए सड़क मार्ग से होने वाले माल परिवहन को रेलवे की ओर आकर्षित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। रेलवे द्वारा माल भाड़े में दी जा रही रियायतें और एक डिब्बे तक की बुकिंग सुविधा व्यापारियों के लिए काफी लाभदायक साबित हो रही हैं।

पीसमील ट्रैफिक व्यवस्था के माध्यम से छोटे और मध्यम व्यापारी भी समूह बनाकर कम लागत में अपना माल देश के विभिन्न हिस्सों तक भेज पा रहे हैं, जिससे उनके कारोबार को नई गति मिल रही है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (फ्रेट) परमदीप सिंह सैनी ने बताया कि इस नई पहल से न केवल फिरोजपुर मंडल के राजस्व में वृद्धि होगी, बल्कि पंजाब और जम्मू-कश्मीर के बीच व्यापारिक गतिविधियों को भी नया प्रोत्साहन मिलेगा। रेलवे भविष्य में भी ग्राहकों को बेहतर, किफायती और विश्वसनीय माल परिवहन सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।