2 अगस्त को मध्य रेलवे पर मेगा ब्लॉक, कई लोकल सेवाएं रहेंगी प्रभावित; यात्रियों के लिए विशेष ट्रेनें भी चलेंगी

मुंबई। मध्य रेलवे द्वारा रेल अवसंरचना के रखरखाव और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से रविवार, 2 अगस्त 2026 को मुंबई मंडल में मेन लाइन और हार्बर लाइन पर मेगा ब्लॉक लिया जाएगा। इस दौरान कई लोकल ट्रेनों के मार्ग में बदलाव किया जाएगा, जबकि हार्बर लाइन की अनेक सेवाएं रद्द रहेंगी। यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष लोकल ट्रेनों का भी संचालन किया जाएगा।

मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डॉ. स्वप्नील निला ने बताया कि माटुंगा?मुलुंड के बीच अप एवं डाउन फास्ट लाइन पर सुबह 11:05 बजे से दोपहर 3:45 बजे तक मेगा ब्लॉक रहेगा। इस दौरान सीएसएमटी मुंबई से चलने वाली फास्ट लोकल ट्रेनों को माटुंगा से स्लो लाइन पर डायवर्ट किया जाएगा। ये ट्रेनें माटुंगा और मुलुंड के बीच सभी निर्धारित स्टेशनों पर रुकेंगी तथा अपने गंतव्य पर लगभग 15 मिनट की देरी से पहुंचेंगी। ठाणे की ओर जाने वाली फास्ट ट्रेनें मुलुंड से पुनः फास्ट लाइन पर संचालित होंगी।

इसी प्रकार ठाणे से सीएसएमटी की ओर आने वाली अप फास्ट लोकल ट्रेनों को भी मुलुंड से स्लो लाइन पर चलाया जाएगा। ये ट्रेनें भी सभी निर्धारित स्टेशनों पर रुकते हुए लगभग 15 मिनट की देरी से अपने गंतव्य तक पहुंचेंगी।

वहीं हार्बर लाइन पर सीएसएमटी?चुनाभट्टी/बांद्रा डाउन दिशा में 11:40 बजे से 4:40 बजे तक तथा चुनाभट्टी/बांद्रा?सीएसएमटी अप दिशा में 11:10 बजे से 4:10 बजे तक मेगा ब्लॉक रहेगा। इस अवधि में सीएसएमटी?वाशी, बेलापुर, पनवेल, बांद्रा और गोरेगांव के बीच चलने वाली कई डाउन और अप हार्बर लाइन लोकल सेवाएं पूरी तरह रद्द रहेंगी।

यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पनवेल और कुर्ला (प्लेटफॉर्म संख्या 8) के बीच प्रत्येक 20 मिनट के अंतराल पर विशेष लोकल ट्रेनें चलाई जाएंगी। इसके अलावा हार्बर लाइन के यात्रियों को सुबह 10:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक मेन लाइन और पश्चिम रेलवे के माध्यम से यात्रा करने की अनुमति दी गई है।

रेलवे प्रशासन ने बताया कि ट्रैक और अन्य रेल अवसंरचना के आवश्यक रखरखाव, बेहतर परिचालन और सुरक्षित रेल सेवा सुनिश्चित करने के लिए यह मेगा ब्लॉक बेहद जरूरी है। यात्रियों से यात्रा की योजना बनाने से पहले ट्रेन की जानकारी प्राप्त करने तथा होने वाली असुविधा के लिए सहयोग करने की अपील की गई है।