रतनपुर बॉर्डर पर बिछीवाड़ा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ट्रक के बैटरी बॉक्स के गुप्त केबिन से 7 लाख की अवैध शराब जब्त, चंडीगढ़ से गुजरात ले जाई जा रही थी अंग्रेजी शराब की 71 पेटियां, बाड़मेर का तस्कर ग

संवाददाता - संतोष व्यास

डूंगरपुर। जिला पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन स्वच्छता के तहत बिछीवाड़ा थाना पुलिस ने रतनपुर बॉर्डर पर अवैध शराब तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने उदयपुर से अहमदाबाद की ओर जा रहे एक बंद बॉडी कंटेनर ट्रक को रोककर उसके गुप्त केबिन में छिपाकर ले जाई जा रही 71 कार्टन अवैध अंग्रेजी शराब जब्त की है। जब्त की गई शराब की अनुमानित बाजार कीमत लगभग 7 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए बाड़मेर निवासी आरोपी ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है।

- बैटरी बॉक्स के ऊपर बनाया था गुप्त केबिन

गुरुवार को रतनपुर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अब्दुल मुनाफ के नेतृत्व में पुलिस टीम एनएच-48 पर उदयपुर से अहमदाबाद लेन में नाकाबंदी कर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि भारत बेंज कंपनी के एक बंद बॉडी कंटेनर में बैटरी बॉक्स के ऊपर बने गुप्त केबिन के अंदर चंडीगढ़ निर्मित अंग्रेजी शराब गुजरात ले जाई जा रही है। नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने उक्त संदिग्ध ट्रक को रुकवाया। शुरुआती पूछताछ में चालक ने कंटेनर को खाली होना बताया और जांच करने पर मुख्य कंटेनर अंदर से खाली ही मिला। हालांकि, मुखबिर की सटीक जानकारी के आधार पर जब बैटरी बॉक्स के हिस्से की गहराई से जांच की गई, तो ऊपर की तरफ एक गुप्त बॉक्स मिला, जिसमें चंडीगढ़ में बिक्री हेतु अधिकृत शराब के कुल 71 कार्टन बरामद हुए। पुलिस ने मौके से अवैध अंग्रेजी शराब और तस्करी में प्रयुक्त कंटेनर ट्रक को जब्त कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान नवाब खान पुत्र आरब खान, निवासी ऊंडू प्रहलादपुरा, थाना शिव, जिला बाड़मेर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर अनुसंधान प्रारम्भ कर दिया है।