सफाई व्यवस्था ठप, बजबजाती नालियों से ग्रामीण परेशान

आलापुर (अंबेडकर नगर)। विकास खंड जहांगीरगंज की ग्राम पंचायत देवरिया बुजुर्ग में सफाई व्यवस्था बदहाल होने से ग्रामीणों में नाराजगी है। गांव की अधिकांश नालियां गंदगी से भरी हैं। बरसात के कारण नालियों का गंदा पानी और दुर्गंध लोगों के घरों तक पहुंच रही है। इससे मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ गया है और संक्रामक बीमारियों का खतरा बना हुआ है।
ग्रामीणों का कहना है कि कई स्थानों पर नालियां क्षतिग्रस्त हैं। बरसात में इन टूटी नालियों के कारण राहगीरों के गिरकर घायल होने की घटनाएं होती रहती हैं। सबसे अधिक परेशानी उन परिवारों को है, जिनके छोटे बच्चे प्रतिदिन मदरसे आने-जाने के दौरान टूटी पटियों से गुजरते हैं। कई बार बच्चे नालियों में गिरकर चोटिल हो चुके हैं।
ग्रामीण राशिद सिद्दीकी, मजीद, आरिफ सिद्दीकी, मुन्ना, जावेद और जफर समेत अन्य लोगों ने नालियों की तत्काल मरम्मत कराने और नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।
इस संबंध में ग्राम पंचायत अधिकारी कृष्ण कुमार वर्मा ने बताया कि नाली निर्माण का कार्य कार्ययोजना में शामिल कर लिया गया है और जल्द ही मरम्मत कराई जाएगी। ग्राम प्रधान दिलीप चौरसिया ने कहा कि सफाई कर्मी वर्तमान में मेडिकल अवकाश पर हैं, लेकिन गांव में शीघ्र ही सफाई व्यवस्था कराई जाएगी।