पंजाब से महाराष्ट्र तक मक्का की रिकॉर्ड लंबी रेल ढुलाई, अंबाला मंडल को ₹60.99 लाख का राजस्व

उत्तर रेलवे के अंबाला मंडल ने माल ढुलाई के क्षेत्र में एक नई उपलब्धि हासिल करते हुए पंजाब से महाराष्ट्र तक मक्का की लंबी दूरी की रेल ढुलाई शुरू की है। बिजनेस डेवलपमेंट यूनिट (बीडीयू) की पहल पर राजपुरा मालगोदाम से दक्षिण मध्य रेलवे के छत्रपति संभाजीनगर तक 42 बीसीएन वैगनों की पूर्ण रेक मक्का से लादकर रवाना की गई।

करीब 1,622 किलोमीटर की यह ढुलाई अंबाला मंडल से होने वाली मक्का की सबसे लंबी रेल परिवहन सेवाओं में शामिल है। इस रेक से रेलवे को ₹60.99 लाख का मालभाड़ा राजस्व प्राप्त हुआ।

रेलवे के अनुसार, प्रेषक संस्था मेसर्स एबीआईएस ने 7 जुलाई को रेक की मांग दर्ज कराई थी, जिस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए 12 जुलाई को सफलतापूर्वक लदान पूरा किया गया। कंपनी ने भविष्य में भी अतिरिक्त रेकों की बुकिंग की संभावना जताई है, जिससे अंबाला मंडल के माल राजस्व में और वृद्धि होने की उम्मीद है।

रेलवे अधिकारियों ने इसे नई माल ढुलाई संभावनाओं को विकसित करने और कृषि उत्पादों के लंबी दूरी के परिवहन को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है।