महाप्रबंधक ने टूंडला–हरदुआगंज रेलखंड का किया निरीक्षण, संरक्षा और गुणवत्ता पर दिया विशेष जोर

प्रयागराज। उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने बुधवार को टूंडला?हरदुआगंज रेलखंड का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण कर रेल परिचालन, संरक्षा व्यवस्था और रेल अवसंरचना का विस्तृत जायजा लिया। इस दौरान मंडल रेल प्रबंधक प्रयागराज रजनीश अग्रवाल सहित उत्तर मध्य रेलवे एवं प्रयागराज मंडल के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने हरदुआगंज यार्ड का भी गहन निरीक्षण किया। उन्होंने यार्ड की परिचालन क्षमता, रेल पथों की स्थिति, सिग्नल एवं दूरसंचार प्रणाली, अनुरक्षण कार्यों तथा संरक्षा मानकों की समीक्षा की। अधिकारियों से विकास एवं अनुरक्षण कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए उन्होंने आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

महाप्रबंधक ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कार्यों में संरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से निर्धारित मानकों के अनुरूप उच्च गुणवत्ता के साथ कार्य करने तथा यात्री एवं मालगाड़ियों के सुरक्षित और समयबद्ध संचालन को सुनिश्चित करने को कहा।

निरीक्षण कार्यक्रम के तहत उन्होंने अलीगढ़ रनिंग रूम का भी निरीक्षण किया और वहां उपलब्ध सुविधाओं, स्वच्छता, रखरखाव तथा कर्मचारियों के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। इसके बाद उन्होंने अलीगढ़?डावर रेलखंड की विंडो ट्रेलिंग करते हुए टीएचडीसी साइडिंग, डावर का निरीक्षण किया तथा माल यातायात से जुड़ी परिचालन व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

महाप्रबंधक ने रेल अवसंरचना के बेहतर रखरखाव, समयबद्ध अनुरक्षण और कार्यस्थलों पर स्वच्छता व सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नियमित निरीक्षणों से रेल परिचालन को और अधिक सुरक्षित, सुगम एवं विश्वसनीय बनाया जा सकता है। साथ ही यात्रियों को उत्कृष्ट सेवाएं उपलब्ध कराने और माल परिवहन को अधिक दक्ष एवं सुरक्षित बनाने के लिए सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है।

इस अवसर पर मुख्य परियोजना प्रबंधक (गतिशक्ति) मनीष शर्मा, सचिव/महाप्रबंधक अखिल शुक्ला, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (चतुर्थ) अविलय यादव सहित उत्तर मध्य रेलवे एवं प्रयागराज मंडल के अनेक अधिकारी और पर्यवेक्षक उपस्थित रहे।