फिरोजपुर मंडल ने हरित ऊर्जा की दिशा में बढ़ाया बड़ा कदम, 22 स्टेशनों पर सौर ऊर्जा संयंत्र संचालित

फिरोजपुर। उत्तर रेलवे के फिरोजपुर मंडल ने हरित ऊर्जा और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए रेलवे स्टेशनों पर रूफटॉप सौर ऊर्जा परियोजनाओं का तेजी से विस्तार किया है। मंडल वर्तमान में 22 रेलवे स्टेशनों पर कुल 1.70 मेगावाट क्षमता के रूफटॉप सौर ऊर्जा संयंत्रों का सफल संचालन कर रहा है।

इन सौर संयंत्रों से जून 2026 के दौरान 63,430 किलोवाट-घंटे स्वच्छ बिजली का उत्पादन हुआ, जबकि वित्तीय वर्ष 2026-27 में जून तक कुल 1,90,675 किलोवाट-घंटे विद्युत का उत्पादन दर्ज किया गया है।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार इस पहल से पारंपरिक ऊर्जा स्रोतों पर निर्भरता कम हुई है, बिजली की खपत में बचत हुई है और कार्बन उत्सर्जन में उल्लेखनीय कमी आई है। इससे भारतीय रेल के स्वच्छ, हरित और ऊर्जा-कुशल परिवहन प्रणाली के लक्ष्य को भी मजबूती मिली है।

फिरोजपुर मंडल ने नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में अपनी योजनाओं को आगे बढ़ाते हुए वित्तीय वर्ष 2026-27 में अतिरिक्त 1.15 मेगावाट रूफटॉप सौर ऊर्जा क्षमता स्थापित करने का लक्ष्य तय किया है। मंडल का यह प्रयास भारतीय रेल के नेट-ज़ीरो कार्बन मिशन और सतत विकास के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।