उत्तर भारत से दक्षिण भारत तक सीधी रेल सुविधा, प्रयागराज-तिरुनेलवेली स्पेशल ट्रेन अगस्त में चलेगी

प्रयागराज। उत्तर भारत से दक्षिण भारत की यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए रेलवे ने बड़ी सौगात दी है। यात्रियों की सुविधा और बढ़ती मांग को देखते हुए उत्तर मध्य रेलवे ने प्रयागराज?तिरुनेलवेली?प्रयागराज स्पेशल ट्रेन (04171/04172) के संचालन का निर्णय लिया है। यह विशेष ट्रेन अगस्त माह में दोनों दिशाओं में चार-चार फेरे लगाएगी।

रेलवे के अनुसार गाड़ी संख्या 04171 प्रयागराज?तिरुनेलवेली स्पेशल प्रत्येक शनिवार 1 अगस्त से 22 अगस्त 2026 तक कुल 4 फेरे संचालित होगी। वहीं गाड़ी संख्या 04172 तिरुनेलवेली?प्रयागराज स्पेशल प्रत्येक सोमवार 3 अगस्त से 24 अगस्त 2026 तक कुल 4 फेरे लगाएगी।

यह विशेष ट्रेन 19 कोचों के साथ चलेगी, जिसमें 9 स्लीपर, 2 एसी थर्ड, 6 सामान्य और 2 एसएलआरडी कोच शामिल होंगे।

प्रयागराज से चलने वाली यह ट्रेन मानिकपुर, सतना, कटनी, जबलपुर, इटारसी, नागपुर, बल्लारशाह, सिरपुर कागजनगर, रामगुंडम, वारंगल, खम्मम, विजयवाड़ा, तेनाली, ओंगोल, नेल्लोर, गुडूर, रेणिगुंटा, कटपड़ी, जोलारपेट्टई, सेलम, नमक्कल, करूर, डिंडीगुल, मदुरै, विरुधुनगर, सत्तूर और कोविलपट्टी जैसे प्रमुख स्टेशनों पर ठहरते हुए तिरुनेलवेली पहुंचेगी।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार इस विशेष ट्रेन के संचालन से उत्तर प्रदेश और मध्य भारत से तमिलनाडु जाने वाले यात्रियों को सीधी और सुविधाजनक रेल सेवा मिलेगी। साथ ही नियमित ट्रेनों पर अतिरिक्त भीड़ का दबाव भी कम होगा। यात्रियों से यात्रा से पहले आरक्षण और ट्रेन के समय की जानकारी रेलवे के आधिकारिक माध्यमों से प्राप्त करने की अपील की गई है।