खराब मौसम में यात्रियों को बड़ी राहत, उत्तर रेलवे ने कश्मीर के लिए चलाई विशेष ट्रेनें

जम्मू। भारी बारिश और राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात बाधित होने के बीच उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल ने कश्मीर घाटी में फंसे यात्रियों को राहत देने के लिए विशेष ट्रेनों का संचालन किया। इस पहल से 1,500 से अधिक यात्रियों को सुरक्षित और समय पर अपने गंतव्य तक पहुंचने में मदद मिली।

रेलवे के अनुसार, 24 जुलाई को दोपहर 1:45 बजे संगलदान से विशेष ट्रेन रवाना हुई, जिसने बनिहाल और अनंतनाग में ठहराव करते हुए शाम 4:40 बजे श्रीनगर पहुंचकर यात्रियों को राहत पहुंचाई।

वापसी में यही विशेष ट्रेन शाम 5:00 बजे श्रीनगर से रवाना होकर बनिहाल में ठहरते हुए रात 8:15 बजे श्री माता वैष्णो देवी कटरा पहुंची। इसके अलावा ट्रेन संख्या 74620 का संचालन भी संगलदान से बढ़ाकर श्री माता वैष्णो देवी कटरा तक किया गया, जिससे अधिक यात्रियों को सुविधा मिली।

उत्तर रेलवे ने बताया कि सड़क मार्ग बाधित होने की स्थिति में रेलवे एक भरोसेमंद विकल्प बनकर उभरा है। इससे पहले भी 23 जुलाई को श्रीनगर से श्री माता वैष्णो देवी कटरा के बीच विशेष ट्रेन चलाकर यात्रियों को राहत प्रदान की गई थी।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है। खराब मौसम को देखते हुए तत्काल विशेष ट्रेनों का संचालन किया गया, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले ट्रेन की अद्यतन जानकारी एनटीईएस ऐप, आईआरसीटीसी या 139 हेल्पलाइन के माध्यम से प्राप्त करें। उत्तर रेलवे ने भरोसा दिलाया है कि प्रतिकूल परिस्थितियों में भी यात्रियों की सुरक्षित और सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए हरसंभव प्रयास जारी रहेंगे।