वैष्णो देवी यात्रा बहाल करने के लिए युद्धस्तर पर काम, हजारों श्रद्धालु दर्शन की उम्मीद में कटड़ा में रुके

कटड़ा। लगातार हो रही भारी बारिश और भूस्खलन के कारण श्री माता वैष्णो देवी की यात्रा शुक्रवार को लगातार छठे दिन भी स्थगित रही। हालांकि, श्राइन बोर्ड और प्रशासन यात्रा को जल्द से जल्द सुरक्षित तरीके से बहाल करने के लिए युद्धस्तर पर राहत एवं पुनर्स्थापन कार्य में जुटे हुए हैं।

कटड़ा में इस समय करीब 10 से 12 हजार श्रद्धालु माता के दर्शन की आस में रुके हुए हैं। श्रद्धालुओं का कहना है कि वे यात्रा शुरू होने का धैर्यपूर्वक इंतजार कर रहे हैं और माता के दर्शन के बाद ही वापस लौटेंगे।

श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड की टीमें नए यात्रा मार्ग और अन्य प्रभावित क्षेत्रों में लगातार मलबा हटाने, चट्टानों को साफ करने और मार्ग को सुरक्षित बनाने का कार्य कर रही हैं। मशीनों और कर्मचारियों की मदद से रास्ते को जल्द से जल्द बहाल करने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।

जिला प्रशासन, पुलिस और श्राइन बोर्ड के वरिष्ठ अधिकारी लगातार स्थिति की निगरानी कर रहे हैं। मौसम की स्थिति पर नजर रखते हुए सुरक्षा मानकों के अनुरूप ही यात्रा दोबारा शुरू करने का निर्णय लिया जाएगा।

अधिकारियों ने श्रद्धालुओं से धैर्य बनाए रखने की अपील करते हुए कहा है कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। मौसम अनुकूल होते ही और मार्ग पूरी तरह सुरक्षित घोषित होने के बाद माता वैष्णो देवी की यात्रा पुनः प्रारंभ कर दी जाएगी। प्रशासन को उम्मीद है कि राहत कार्य शीघ्र पूरा होने के बाद श्रद्धालु फिर से सुगमता और सुरक्षा के साथ माता के पवित्र दर्शन कर सकेंगे।