जम्मू रेल मंडल को मिली नई रफ्तार, 2025-26 में शुरू हुईं चार नई ट्रेन सेवाएं

दिल्ली। जम्मू-कश्मीर में रेल संपर्क को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में भारतीय रेलवे ने वर्ष 2025-26 के दौरान जम्मू रेल मंडल में चार नई जोड़ी ट्रेनों का संचालन शुरू किया है। इनमें दो जोड़ी वंदे भारत एक्सप्रेस भी शामिल हैं, जिससे यात्रियों, श्रद्धालुओं और पर्यटकों को तेज, सुरक्षित और आधुनिक यात्रा सुविधा मिल रही है।

नई ट्रेन सेवाओं में जम्मू तवी?श्रीनगर वंदे भारत एक्सप्रेस, अमृतसर?श्री माता वैष्णो देवी कटरा वंदे भारत एक्सप्रेस तथा श्री माता वैष्णो देवी कटरा?बडगाम एक्सप्रेस शामिल हैं। इन ट्रेनों के शुरू होने से जम्मू तवी, कटरा, उधमपुर, बनिहाल, श्रीनगर और बडगाम सहित कई प्रमुख रेलवे स्टेशनों की कनेक्टिविटी पहले से अधिक बेहतर हुई है।

वर्तमान में जम्मू तवी रेलवे स्टेशन से 114 ट्रेन सेवाएं, श्री माता वैष्णो देवी कटरा स्टेशन से 46 ट्रेन सेवाएं तथा बडगाम स्टेशन से 19 ट्रेन सेवाएं संचालित हो रही हैं। इससे जम्मू-कश्मीर के भीतर आवागमन के साथ-साथ देश के प्रमुख शहरों तक रेल संपर्क भी मजबूत हुआ है।

गौरतलब है कि जनवरी 2025 में भारतीय रेलवे के 70वें रेल मंडल के रूप में जम्मू रेल मंडल का गठन किया गया था। मंडल के गठन के बाद नई रेल सेवाओं, विशेष रूप से वंदे भारत एक्सप्रेस के संचालन से क्षेत्र में रेल नेटवर्क का तेजी से विस्तार हुआ है और यात्रियों को आधुनिक, तेज एवं सुविधाजनक यात्रा का लाभ मिल रहा है।

यह जानकारी केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बुधवार को लोकसभा में एक लिखित उत्तर के माध्यम से दी।