कोरबा: तानसेन चौक में कांग्रेस का धरना, NEET परीक्षा अनियमितताओं पर संसद में चर्चा और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग

कोरबा।दिल्ली के जंतर-मंतर पर NEET परीक्षा में कथित पेपर लीक, परीक्षा संबंधी अनियमितताओं तथा प्रदर्शन कर रहे छात्र-छात्राओं पर कथित पुलिस कार्रवाई के विरोध में शुक्रवार को कोरबा के तानसेन चौक में ब्लॉक कांग्रेस पार्टी के बैनर तले धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया।

धरने को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार से मांग की कि NEET परीक्षा से जुड़े कथित पेपर लीक और परीक्षा व्यवस्था में सामने आई कमियों पर संसद में विस्तृत चर्चा कराई जाए। साथ ही, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग भी की गई।

प्रदर्शनकारियों ने यह भी मांग रखी कि शांतिपूर्ण ढंग से अपनी बात रखने वाले प्रदर्शनकारियों के विरुद्ध दर्ज एफआईआर वापस ली जाए तथा परीक्षा प्रणाली की पारदर्शिता, निष्पक्षता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं।

धरना-प्रदर्शन में जिला कांग्रेस कमेटी (शहर) कोरबा के अध्यक्ष मुकेश राठौर, पार्षद रवि चंदेल, सपना चौहान, अर्चना उपाध्याय, पालूराम साहू, अविनाश बंजारे, संजू अग्रवाल, रवि खूंटे, शशिपाल पटेल, टोपचंद बैरागी सहित कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

प्रदर्शन के दौरान नेताओं ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की निष्पक्षता लाखों युवाओं के भविष्य से जुड़ा विषय है। उन्होंने परीक्षा प्रणाली को अधिक पारदर्शी और जवाबदेह बनाने की आवश्यकता पर जोर देते हुए सरकार से छात्रों की चिंताओं का गंभीरता से समाधान करने की अपील की।

Citiupdate के लिए समीर खूंटे की रिपोर्ट