गोण्डा में खुली नालियों और जलभराव से बढ़ी लोगों की परेशानी अवध केसरी सेना ने डीएम को सौंपा ज्ञापन

गोण्डा। नगर पालिका परिषद गोण्डा क्षेत्र में खुली नालियों, खुले सीवर, जलभराव और सफाई व्यवस्था की बदहाली को लेकर अवध केसरी सेना राष्ट्रीय संगठन ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। संगठन का आरोप है कि नगर के कई इलाकों में नालियां बिना ढक्कन के खुली पड़ी हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। साथ ही जलभराव और गंदगी के कारण डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया समेत अन्य संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका भी बढ़ गई है।संगठन के सेना प्रमुख नीरज सिंह द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि नगर पालिका परिषद गोण्डा की सफाई और जल निकासी व्यवस्था बेहद खराब है। बरसात के दौरान सड़कों और गलियों में पानी भर जाता है, जिससे राहगीरों, बच्चों, बुजुर्गों और दोपहिया वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।ज्ञापन में मांग की गई है कि नगर पालिका परिषद के कार्यों की सक्षम अधिकारी से जांच कराई जाए, नगर क्षेत्र की सभी खुली नालियों पर मजबूत ढक्कन लगाए जाएं, जलभराव वाले स्थानों पर स्थायी जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा नियमित साफ-सफाई, कूड़ा उठान, फॉगिंग और कीटनाशक छिड़काव कराया जाए। संगठन ने यह भी मांग की कि यदि जांच में किसी अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही सामने आती है तो उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए।ज्ञापन में जलभराव वाले प्रमुख स्थानों का भी उल्लेख किया गया है, जिनमें बहराइच रोड से सरजू होटल जाने वाला मार्ग (जानकीनगर), बड़गांव पुलिस चौकी के पास पुरानी हाईडिल कॉलोनी, साहेबगंज से कौशल नगर पालिका मार्ग, आवास विकास से स्टेशन रोड माता रानी मंदिर तक तथा गुरुद्वारा चौराहा से पटेलनगर तक शामिल हैं।अवध केसरी सेना ने जिलाधिकारी से जनहित और नागरिकों के स्वास्थ्य को देखते हुए इस मामले में तत्काल प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की है।