भारत-अमेरिका ट्रेड डील के विरोध में राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन, भाकियू (टिकैत) ने एसडीएम न्यायिक को सौंपा ज्ञापन

पीलीभीत। भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के पदाधिकारियों एवं किसानों ने मंगलवार को भारत-अमेरिका ट्रेड डील के विरोध में राष्ट्रपति महोदया के नाम संबोधित ज्ञापन एसडीएम न्यायिक को सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से ट्रेड डील को किसान विरोधी बताते हुए इसे वापस लेने तथा किसानों के हितों की रक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की गई।

ज्ञापन सौंपने के बाद जिला अध्यक्ष गुरदीप सिंह गोगी की अध्यक्षता में किसान भवन में संगठन की मासिक पंचायत आयोजित की गई। पंचायत प्रारंभ होने से पूर्व गुरदीप सिंह गोगी ने किसान भवन परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और सभी किसानों से अधिक से अधिक पौधे लगाने का आह्वान किया। पंचायत में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित मंडल अध्यक्ष सतविंदर सिंह कहलो ने कहा कि भारत-अमेरिका ट्रेड डील किसानों के हितों के खिलाफ है। भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) किसानों के अधिकारों की रक्षा के लिए पूरी मजबूती से संघर्ष करेगी। उन्होंने कहा कि यदि संगठन के राष्ट्रीय नेतृत्व से कोई भी निर्देश प्राप्त होता है तो जनपद पीलीभीत का किसान हर संघर्ष में अग्रणी भूमिका निभाएगा। पंचायत में किसानों ने भारत-अमेरिका ट्रेड डील को वापस लेने, फसलों पर एमएसपी की कानूनी गारंटी, गन्ना किसानों का बकाया भुगतान, कृषि ऋण माफी, आवारा पशुओं की समस्या के समाधान, सिंचाई, बिजली सहित किसानों से जुड़े विभिन्न मुद्दों का शीघ्र निस्तारण करने की मांग उठाई। जिला अध्यक्ष गुरदीप सिंह गोगी ने कहा कि यदि किसानों की मांगों की लगातार अनदेखी की गई तो भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) लोकतांत्रिक तरीके से अपने आंदोलन को और तेज करेगी।

इस अवसर पर प्रदेश सचिव वेद प्रकाश शर्मा, प्रदेश सचिव स्वराज सिंह सिद्धू, वरिष्ठ मंडल उपाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह चौहान, वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष प्यारेलाल वर्मा, जिला मीडिया प्रभारी गुरजीत सिंह, जिला उपाध्यक्ष दिलशाद दशरथ ठाकुर, भारत सिंह राजा, जिला सचिव मुन्ना गौतम, महेश चंद्र वर्मा, संतोष यादव, महेंद्र कुमार, वीरपाल राजपूत, बाबा कृष्ण लाल, निजामुद्दीन गाजी, तहसील अध्यक्ष कलीनगर निजाम खान, नन्हेंलाल वर्मा, ओम प्रकाश, रेहान अंसारी, नगर अध्यक्ष इकराम मंसूरी, जिला उपाध्यक्ष अशरफ अली सहित बड़ी संख्या में किसान एवं संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे।