एसपी के निर्देशन में एएसपी विक्रम दहिया ने किया थाना गजरौला का औचक निरीक्षण

पीलीभीत। पुलिस अधीक्षक पीलीभीत के कुशल निर्देशन में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा पुलिसिंग को प्रभावी करने के उद्देश्य से अपर पुलिस अधीक्षक विक्रम दहिया द्वारा थाना गजरौला का आकस्मिक (औचक) निरीक्षण किया गया। एएसपी के इस औचक निरीक्षण से थाना परिसर में हड़कंप का माहौल रहा।निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ने थाना कार्यालय, पुलिस अभिलेखों (रजिस्टरों), महिला हेल्प डेस्क, मालखाना, हवालात, शस्त्रागार, पुलिस बैरक तथा भोजनालय (मेस) का सघन निरीक्षण किया। उन्होंने थाना परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था का जायजा लेते हुए संबंधित अभिलेखों का बारीकी से अवलोकन किया और रखरखाव को लेकर आवश्यक निर्देश दिए।एएसपी विक्रम दहिया ने पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि थाने पर लंबित चल रही विवेचनाओं, शिकायती प्रार्थना पत्रों और आईजीआरएस पोर्टल से प्राप्त प्रकरणों का निस्तारण पूरी गुणवत्ता और तय समय सीमा के भीतर किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद करने के लिए एएसपी ने क्षेत्र में अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए रात्रि व पैदल गश्त को और अधिक प्रभावी बनाने, संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की नियमित रूप से चेकिंग करने तथा वांछित व वारंटी अभियुक्तों की शीघ्र से शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने महिला संबंधी अपराधों और संवेदनशील प्रकरणों में बिना किसी देरी के त्वरित व निष्पक्ष कार्रवाई अमल में लाने की बात कही।अपर पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित समस्त थाना स्टाफ को पूरी निष्ठा, अनुशासन, सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि थाने पर आने वाले आमजन और फरियादियों के साथ शालीन एवं संवेदनशील व्यवहार किया जाए और उनकी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर तत्काल निस्तारण किया जाए।