फिरोजपुर मंडल बना पेरिशेबल फलों की रेल ढुलाई का बड़ा केंद्र, जून में रिकॉर्ड बुकिंग

फिरोजपुर। भारतीय रेलवे का फिरोजपुर मंडल पेरिशेबल फलों की रेल ढुलाई के क्षेत्र में तेजी से नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार के मार्गदर्शन में अमृतसर, लुधियाना और जालंधर सिटी रेलवे स्टेशनों से चेरी, लीची और नाशपाती जैसे फलों की बड़े पैमाने पर देश के विभिन्न राज्यों में रेल मार्ग से सफलतापूर्वक ढुलाई की जा रही है।

रेलवे द्वारा उपलब्ध कराई जा रही त्वरित, सुरक्षित और किफायती माल परिवहन सुविधा का लाभ अब छोटे व्यापारी भी उठा रहे हैं। छोटे व्यापारी बड़े फल कारोबारियों के साथ मिलकर अपनी फलों की खेप देश के विभिन्न बाजारों तक रेल के माध्यम से भेज रहे हैं, जिससे उन्हें नए बाजार मिलने के साथ-साथ परिवहन लागत में भी कमी आई है।

जून 2026 के दौरान अमृतसर से चेरी और लीची की खेप बांद्रा टर्मिनस (मुंबई), सूरत और वडोदरा भेजी गई, जबकि लीची और नाशपाती की खेप हावड़ा (कोलकाता) के लिए रवाना हुई। वहीं लुधियाना से लीची की खेप बीना, भोपाल, बांद्रा टर्मिनस, पटना, सूरत, पुणे और कानपुर भेजी गई। जालंधर सिटी से भी बीना, नागपुर और रायपुर के लिए फलों की नियमित बुकिंग की गई।

आंकड़ों के अनुसार, अमृतसर स्टेशन से एसएलआर और वीपी के माध्यम से 20,410 बॉक्स (309 टन) पेरिशेबल फलों की बुकिंग दर्ज की गई। वहीं लुधियाना से 95 बॉक्स (1,630 किलोग्राम) और जालंधर सिटी से 515 बॉक्स (6,980 किलोग्राम) फलों की बुकिंग की गई।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (फ्रेट) परमदीप सिंह सैनी ने बताया कि फिरोजपुर मंडल ग्राहकों को बेहतर, विश्वसनीय और समयबद्ध माल परिवहन सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है। बिजनेस डेवलपमेंट यूनिट की सक्रिय पहल और व्यापारियों के साथ बेहतर समन्वय के चलते मंडल में माल परिवहन में लगातार उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की जा रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में फिरोजपुर मंडल पेरिशेबल फलों की रेल ढुलाई के क्षेत्र में देश के अग्रणी लोडिंग हब के रूप में अपनी पहचान और मजबूत करेगा।