उत्कृष्ट सतर्कता के लिए प्रयागराज मंडल के 15 रेलकर्मी सम्मानित डीआरएम रजनीश अग्रवाल ने संरक्षा पुरस्कार देकर बढ़ाया कर्मचारियों का उत्साह

प्रयागराज। उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल में रेल संरक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 15 कर्मचारियों को मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल ने सोमवार को संरक्षा पुरस्कार से सम्मानित किया। मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के 'संकल्प सभागार' में आयोजित समारोह में कर्मचारियों की सतर्कता, कर्तव्यनिष्ठा और समय पर की गई कार्रवाई की सराहना की गई।

इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) मुबश्शिर वारिस, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी यू.सी. शुक्ला सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एवं निरीक्षक उपस्थित रहे।

डीआरएम रजनीश अग्रवाल ने कहा कि रेल संरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और सम्मानित कर्मचारियों ने अपनी सजगता व जिम्मेदारी से संभावित दुर्घटनाओं को टालकर यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की है। उन्होंने कहा कि ऐसे उत्कृष्ट कार्य पूरे रेलवे परिवार के लिए प्रेरणा हैं तथा सभी कर्मचारियों को भविष्य में भी इसी समर्पण और सतर्कता के साथ कार्य करना चाहिए।

सम्मानित कर्मचारियों ने हॉट एक्सल, फ्लैट टायर, हैंगिंग पार्ट, हैवी ब्रेक बाइंडिंग, स्प्रिंग टूटने, असामान्य आवाज जैसी तकनीकी खामियों की समय रहते पहचान कर तत्काल कार्रवाई की। इसके अलावा चलती ट्रेन से यात्री के गिरने जैसी घटनाओं में भी त्वरित प्रतिक्रिया देकर संभावित हादसों को टालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

इस अवसर पर धर्मेंद्र कुमार (सिराथू), सूरज कुमार (मारीपत), राजकुमार पाल (ऊँचडीह), दशरथ लाल भारतीय (भीरपुर), धर्मेंद्र कुमार सिंह (पसहीकला), राकेश यादव (प्रयागराज), आनंद नारायण पटेल एवं मो. जमील खान (शंकरगढ़), नवनीत कुमार (अछल्दा), सुभाष कुमार (मांडा रोड), मुकेश कुमार (वैर), ओम प्रकाश भारतीय (जीएमसी), कुलदीप कुमार, अंकित कुमार तथा मयूर कुमार सिंह (कैरिज एंड वैगन, कानपुर) को संरक्षा पुरस्कार प्रदान किया गया।

रेल प्रशासन ने कहा कि कर्मचारियों की सतर्कता और त्वरित निर्णय क्षमता ही सुरक्षित एवं संरक्षित रेल संचालन की सबसे मजबूत कड़ी है। ऐसे कर्मचारियों को सम्मानित कर रेलवे न केवल उनका उत्साहवर्धन कर रहा है, बल्कि पूरे संगठन में सुरक्षा के प्रति जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना को भी मजबूत बना रहा है।