जगन्नाथ रथ यात्रा में उत्तर मध्य रेलवे की टीम ने दिखाई सेवा भावना, 300 से अधिक श्रद्धालुओं को दिया प्राथमिक उपचार

प्रयागराज। विश्व प्रसिद्ध श्रीजगन्नाथ रथ यात्रा-2026 के दौरान उत्तर मध्य रेलवे, प्रयागराज की सेंट जॉन एम्बुलेंस ब्रिगेड ने मानव सेवा की मिसाल पेश की। पुरी में 15 से 17 जुलाई तक आयोजित 36वें नेशनल सर्विस कैंप के दौरान छह सदस्यीय दल ने लगातार बारिश और भारी भीड़ के बीच 300 से अधिक श्रद्धालुओं को त्वरित प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया।

रथ यात्रा के दौरान ग्रैंड ट्रंक रोड और मेडिकल कॉलेज क्षेत्र जैसे अत्यधिक भीड़भाड़ वाले स्थानों पर टीम ने चोट, बेहोशी, फ्रैक्चर और अन्य आपात स्थितियों में फंसे श्रद्धालुओं की तत्काल सहायता की। गंभीर मरीजों को भीड़ के बीच सुरक्षित निकालकर समय पर अस्पताल पहुंचाने में भी टीम ने अहम भूमिका निभाई।

उत्तर मध्य रेलवे की इस टीम का नेतृत्व कॉरपोरल अमित कुमार मौर्य ने किया। उनके साथ सार्जेंट विजय प्रकाश राम, सार्जेंट महेश कुमार, मेंबर सोनू कुमार, सुनील कुमार और राम सजीवन पटेल ने पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ सेवाएं दीं।

टीम के उत्कृष्ट कार्य की सराहना करते हुए सेंट जॉन एम्बुलेंस, ओडिशा ब्रिगेड ने सभी सदस्यों को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया। उत्तर मध्य रेलवे ने कहा कि विषम परिस्थितियों, लगातार बारिश और लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच टीम ने साहस, अनुशासन और सेवा-भाव का परिचय देकर रेलवे का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है।