मुरादाबाद में खाद्य सुरक्षा विभाग का जागरूकता, प्रशिक्षण एवं खाद्य परीक्षण अभियान, तीन नमूने मानक के अनुरूप नहीं मिले

मुरादाबाद। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा शनिवार को मझोला मंडी क्षेत्र में मोबाइल फूड सेफ्टी विंग (एमएफएसडब्ल्यू) के माध्यम से जागरूकता, प्रशिक्षण एवं खाद्य परीक्षण अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान खाद्य कारोबारियों को सुरक्षित एवं स्वच्छ खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए जागरूक किया गया।

अभियान के तहत कुल 21 खाद्य नमूनों की मौके पर जांच की गई, जिनमें से 3 नमूने मानक के अनुरूप नहीं पाए गए। इनमें हल्दी, लाल मिर्च पाउडर और धनिया के एक-एक नमूने शामिल हैं। संबंधित खाद्य कारोबारियों को आवश्यक सुधार के निर्देश दिए गए।

इस दौरान 32 खाद्य कारोबारियों (एफबीओ) को खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता संबंधी प्रशिक्षण दिया गया तथा एक जागरूकता कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया।

अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने कारोबारियों को केवल एफएसएसएआई लाइसेंस प्राप्त खाद्य सामग्री का उपयोग करने, खाद्य पदार्थों में सिंथेटिक रंगों का प्रयोग नहीं करने, रसोई एवं खाद्य निर्माण स्थल पर स्वच्छता बनाए रखने, हेड कैप, फेस मास्क, एप्रन और दस्तानों का अनिवार्य रूप से उपयोग करने, कच्चे एवं तैयार खाद्य पदार्थों को ढककर रखने तथा प्रतिष्ठान पर खाद्य लाइसेंस प्रदर्शित करने के निर्देश दिए।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया कि जनपद में ऐसे अभियान आगे भी लगातार चलाए जाएंगे, ताकि आमजन को सुरक्षित, शुद्ध और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराए जा सकें।