प्रधानमंत्री मोदी ने चांपा अमृत भारत स्टेशन राष्ट्र को किया समर्पित, 13 करोड़ रुपये से बदली स्टेशन की तस्वीर

बिलासपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देशभर के 75 पुनर्विकसित अमृत भारत रेलवे स्टेशनों का लोकार्पण किया। इसी क्रम में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल के चांपा रेलवे स्टेशन का भी उद्घाटन कर उसे राष्ट्र को समर्पित किया गया।

चांपा रेलवे स्टेशन पर आयोजित समारोह में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू, जांजगीर-चांपा की सांसद कमलेश जांगड़े, मंडल रेल प्रबंधक राकेश रंजन, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण) मुदित भटनागर सहित रेलवे अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

समारोह की शुरुआत स्थानीय कलाकारों और स्कूली विद्यार्थियों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से हुई। इसके बाद अमृत भारत स्टेशन योजना पर आधारित लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया और प्रधानमंत्री के वर्चुअल संबोधन का सीधा प्रसारण किया गया।

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चांपा रेलवे स्टेशन का लगभग 13 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिकीकरण किया गया है। स्टेशन भवन को स्थानीय सांस्कृतिक विरासत और आधुनिक वास्तुकला के समन्वय के साथ नया स्वरूप दिया गया है।

पुनर्विकास के तहत स्टेशन पर नए प्लेटफॉर्म शेड, बेहतर बैठने की व्यवस्था, आधुनिक प्रतीक्षालय, डिजिटल यात्री सूचना प्रणाली, कोच पोजिशन डिस्प्ले बोर्ड, अत्याधुनिक पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम, आधुनिक शौचालय, बेहतर प्रकाश व्यवस्था, सुव्यवस्थित पार्किंग और सौंदर्यीकृत सर्कुलेटिंग एरिया विकसित किए गए हैं। दिव्यांगजन की सुविधा के लिए रैंप, टैक्टाइल पाथ और अन्य सुगम आवागमन संबंधी व्यवस्थाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि रेलवे का यह विकास कार्य क्षेत्र की प्रगति को नई दिशा देगा। सांसद कमलेश जांगड़े ने भी स्टेशन के पुनर्विकास की सराहना करते हुए इसे क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि बताया।

रेलवे के अनुसार, आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित चांपा अमृत भारत स्टेशन यात्रियों को बेहतर यात्रा अनुभव उपलब्ध कराने के साथ-साथ क्षेत्रीय पर्यटन, व्यापार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई गति प्रदान करेगा।