18 जुलाई से शुरू होगी रामनगर-देहरादून द्वि-साप्ताहिक एक्सप्रेस, उद्घाटन विशेष ट्रेन चलेगी

यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे प्रशासन 18 जुलाई से रामनगर-देहरादून-रामनगर द्वि-साप्ताहिक एक्सप्रेस सेवा की शुरुआत करेगा। इस अवसर पर 18 जुलाई 2026 को 05014 रामनगर-देहरादून उद्घाटन विशेष ट्रेन का संचालन किया जाएगा।

रेलवे के अनुसार, उद्घाटन विशेष ट्रेन रामनगर से दोपहर 12:00 बजे रवाना होगी। इसके बाद यह काशीपुर (12:35 बजे), रोशनपुर (12:57 बजे), पीपलसना (1:12 बजे), मुरादाबाद (2:05 बजे), नजीबाबाद (3:40 बजे) और हरिद्वार (5:40 बजे) से होकर रात 8:15 बजे देहरादून पहुंचेगी।

रेल प्रशासन ने बताया कि उद्घाटन विशेष ट्रेन में यात्रियों की सुविधा के लिए कुल 17 कोच लगाए जाएंगे। इनमें एक जनरेटर सह लगेजयान, तीन सामान्य द्वितीय श्रेणी, तीन शयनयान, दो वातानुकूलित तृतीय श्रेणी (एसी-3), एक वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी (एसी-2), एक वातानुकूलित कुर्सीयान (एसी चेयर कार), चार सामान्य द्वितीय श्रेणी कुर्सीयान तथा एक एलएसएलआरडी कोच शामिल होंगे।

रेलवे का कहना है कि इस नई द्वि-साप्ताहिक एक्सप्रेस सेवा के शुरू होने से रामनगर, काशीपुर, मुरादाबाद, नजीबाबाद, हरिद्वार और देहरादून के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को बेहतर और सुविधाजनक रेल सेवा उपलब्ध होगी।