इज्जतनगर मंडल रेलवे चिकित्सालय का प्रमुख मुख्य चिकित्सा निदेशक ने किया निरीक्षण, मरीजों से की सीधी बातचीत

बरेली। पूर्वोत्तर रेलवे, गोरखपुर की प्रमुख मुख्य चिकित्सा निदेशक डॉ. सुषमा माटे ने गुरुवार को मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. यू.एस. नाग की उपस्थिति में मंडल रेलवे चिकित्सालय, इज्जतनगर और स्वास्थ्य इकाई बरेली सिटी का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान डॉ. माटे ने चिकित्सालय के बाह्य रोगी विभाग (ओपीडी), आपातकालीन वार्ड, पैथोलॉजी, औषधि भंडार, अंतःरोगी वार्ड सहित विभिन्न चिकित्सा इकाइयों का गहन अवलोकन किया। उन्होंने भर्ती मरीजों से सीधे संवाद कर उन्हें उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सुविधाओं और उपचार व्यवस्था की जानकारी ली।

प्रमुख मुख्य चिकित्सा निदेशक ने चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देश दिए कि मरीजों को गुणवत्तापूर्ण, संवेदनशील और समयबद्ध चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने अस्पताल परिसर में चल रहे निर्माण एवं विकास कार्यों की भी समीक्षा की और उपलब्ध व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया।

डॉ. माटे ने अस्पताल की उत्कृष्ट साफ-सफाई, सुव्यवस्थित कार्यप्रणाली और बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं की सराहना करते हुए इसे और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया।

निरीक्षण के बाद उन्होंने मान्यता प्राप्त रेलवे यूनियनों के प्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं और सुझावों पर चर्चा की तथा आवश्यक मुद्दों पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर अपर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. मनोहर कुमार, वरिष्ठ मंडल चिकित्सा अधिकारी डॉ. आशुतोष शंखधर, मंडल चिकित्सा अधिकारी डॉ. ऋषभ गावा, डॉ. प्राची वर्मा, डॉ. युसरा हसन सहित चिकित्सालय के अन्य अधिकारी एवं स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।