मुरादाबाद-बरेली रेलखंड पर तकनीकी कार्य, लालगढ़-डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस का मार्ग बदला

जयपुर। उत्तर रेलवे द्वारा मुरादाबाद-बरेली रेलखंड पर तकनीकी कार्य के लिए ट्रैफिक ब्लॉक लिया जा रहा है। इसके चलते ट्रेन संख्या 15910 लालगढ़-डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस का मार्ग अस्थायी रूप से परिवर्तित किया गया है।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि यह ट्रेन 16, 19, 21, 23, 29 और 31 जुलाई तथा 4 एवं 6 अगस्त 2026 को लालगढ़ से प्रस्थान करते समय अपने निर्धारित मार्ग के बजाय मुरादाबाद?चंदौसी?बरेली कैंट होकर संचालित होगी।

मार्ग परिवर्तन के कारण ट्रेन इन तिथियों पर रामपुर और बरेली स्टेशन पर नहीं रुकेगी। यात्रियों की सुविधा के लिए ट्रेन का बरेली कैंट स्टेशन पर अस्थायी ठहराव दिया गया है।

रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की नवीनतम स्थिति और समय की जानकारी प्राप्त कर लें, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े.