रेलवे ज्ञानोदय इंग्लिश मीडियम स्कूल ने मनाया 35वाँ स्थापना दिवस, रंगारंग कार्यक्रमों से सजी शाम

जोधपुर। रेलवे डीएस कॉलोनी स्थित ज्ञानोदय इंग्लिश मीडियम स्कूल का 35वाँ स्थापना दिवस बुधवार को हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। समारोह में विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों और अतिथियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि उत्तर पश्चिम रेलवे महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा श्रीमती निष्ठा त्रिपाठी थीं। उनके साथ उपाध्यक्ष श्रीमती तरुणा, कोषाध्यक्ष श्रीमती चित्रा स्वामी, स्कूल इंचार्ज श्रीमती कंचन चावला, प्रधानाध्यापिका श्रीमती इंदु बाला तथा महिला कल्याण संगठन की सदस्याएँ भी उपस्थित रहीं।

समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन और सरस्वती वंदना से हुआ। इसके बाद विद्यालय परिवार ने अतिथियों का स्वागत किया। अपने संबोधन में मुख्य अतिथि श्रीमती निष्ठा त्रिपाठी ने विद्यालय की 35 वर्षों की गौरवशाली यात्रा की सराहना करते हुए विद्यार्थियों को अनुशासन, संस्कार और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यालय के समर्पित शिक्षकों और उत्कृष्ट शैक्षणिक वातावरण की भी प्रशंसा की।

इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति, लोक संस्कृति और सामाजिक सरोकारों पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। नृत्य, गीत और अन्य प्रस्तुतियों ने उपस्थित अभिभावकों एवं अतिथियों का मन मोह लिया और खूब तालियां बटोरीं।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार ने सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं उपस्थित जनों का आभार व्यक्त किया। सभी के सहयोग और सहभागिता से विद्यालय का 35वाँ स्थापना दिवस समारोह सफलतापूर्वक एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।