इज्जतनगर में अंतर मंडलीय रेलवे सुरक्षा बल खेल प्रतियोगिता का आगाज, 80 से अधिक खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम

बरेली। पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल में मंगलवार से पांच दिवसीय अंतर मंडलीय रेलवे सुरक्षा बल वॉलीबॉल, एथलेटिक्स एवं क्रॉस कंट्री प्रतियोगिता?2026 का शुभारंभ रेलवे स्पोर्ट्स स्टेडियम, रोड नंबर-4, इज्जतनगर में हुआ। प्रतियोगिता का आयोजन 14 से 18 जुलाई तक किया जाएगा।

प्रतियोगिता का उद्घाटन वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त (रेलवे सुरक्षा बल) मिथुन सोनी ने वॉलीबॉल प्रतियोगिता का फीता काटकर और खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। प्रतियोगिता में इज्जतनगर, लखनऊ और वाराणसी मंडलों की टीमें हिस्सा ले रही हैं। पांच दिनों तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में 80 से अधिक खिलाड़ी वॉलीबॉल, एथलेटिक्स और क्रॉस कंट्री स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त मिथुन सोनी ने कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं, बल्कि शारीरिक और मानसिक मजबूती का भी सशक्त साधन हैं। उन्होंने कहा कि रेलवे सुरक्षा बल के जवानों के लिए नियमित खेल गतिविधियां उन्हें तनावमुक्त रखने, फिटनेस बढ़ाने और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में बेहतर प्रदर्शन के लिए तैयार करती हैं।

उन्होंने कहा कि वॉलीबॉल, एथलेटिक्स और क्रॉस कंट्री जैसे खेल टीम भावना, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और आपसी समन्वय को मजबूत करते हैं। ऐसी प्रतियोगिताएं विभिन्न मंडलों के खिलाड़ियों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के साथ सहयोग, सौहार्द और संगठनात्मक एकता को भी बढ़ावा देती हैं।

इस अवसर पर मंडल के अधिकारी, क्रीड़ा सचिव श्रीमती गीता शर्मा, रेलवे सुरक्षा बल के अधिकारी एवं जवान, बड़ी संख्या में खिलाड़ी और खेल प्रेमी मौजूद रहे।