डीआरएम वीणा सिन्हा ने किया इज्जतनगर–रामनगर रेलखंड का संरक्षा निरीक्षण, अमृत भारत योजना के तहत विकसित रामनगर स्टेशन का लिया जायजा

बरेली। पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल की मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा ने मंगलवार को शाखा अधिकारियों के साथ इज्जतनगर?रामनगर रेलखंड का विंडो ट्रेलिंग के माध्यम से विस्तृत संरक्षा निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न स्टेशनों पर संरक्षा मानकों, यात्री सुविधाओं और विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान डीआरएम पंतनगर रेलवे स्टेशन पहुंचीं, जहां उन्होंने स्टेशन परिसर, स्वच्छता व्यवस्था और उपलब्ध यात्री सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और रखरखाव के उच्च मानक बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।

इसके बाद उन्होंने अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत पुनर्विकसित किए जा रहे रामनगर रेलवे स्टेशन का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए तथा आधुनिक प्रतीक्षालय, दिव्यांगजन सहयोग बूथ, पुनर्विकसित आरक्षण भवन, स्टेशन पैनल कक्ष और विभिन्न संरक्षा एवं परिचालन उपकरणों का निरीक्षण किया।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत रामनगर रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास कार्य लगभग पूरा हो चुका है। परियोजना के अंतर्गत आधुनिक प्रतीक्षालय, मॉडर्न टॉयलेट ब्लॉक, आकर्षक स्टेशन भवन, उच्चीकृत प्लेटफॉर्म, जीआरपी पोस्ट, नया आरक्षण भवन, सुव्यवस्थित सर्कुलेटिंग एरिया, प्रवेश एवं निकास द्वार, जल निकासी व्यवस्था, प्लेटफॉर्म शेल्टर, आधुनिक साइनेज, एलईडी लाइटिंग तथा पर्याप्त पार्किंग जैसी सुविधाएं विकसित की गई हैं।

दिव्यांगजन यात्रियों की सुविधा के लिए स्टेशन पर टैक्टाइल पाथ, सुलभ टिकट काउंटर, पेयजल बूथ, दिव्यांग-अनुकूल शौचालय, रैंप, आरक्षित पार्किंग और समर्पित सहयोग बूथ भी बनाए गए हैं।

स्टेशन परिसर में स्थापित हाथी और बाघ की आकर्षक प्रतिमाएं यात्रियों एवं पर्यटकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। ये प्रतिमाएं सेल्फी प्वाइंट के रूप में भी लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर रही हैं।